नगरोटा में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में तीन आतंकी ढेर

जम्मू। एएनएन (Action News Network)
जम्मू जिले के नगरोटा में बन टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। मौके से चार हथियार बरामद हुए हैं। यह आतंकी ट्रक से कश्मीर घाटी जा रहे थे। मुठभेड़ के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया। आसपास के इलाके में तीन से चार अन्य आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया। माना जा रहा है कि आतंकियों के इस समूह ने कुछ दिन पहले अंतराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ की है।
आईजी मुकेश सिंह के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजे पुलिस ने चेकिंग के लिए ट्रक को रोका। ट्रक के रुकते ही आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला। ट्रक चालक का नाम मोहम्मद मकबूल वानी है और वह अनंतनाग का रहने वाला है। इस मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे जा चुके हैं।
घायल पुलिसकर्मी को पास के अस्पताल ले जाया गया है। सुरक्षाबलों और पुलिस को आशंका है कुछ और आतंकी टोल प्लाजा से सटे जंगल में छिपे हो सकते हैं। मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो पाई है। उनके शव कब्जे में ले लिए गए हैं।