
भूपेन्द्र पटेल मंत्रिमंडल में चार पाटीदार

अहमदाबाद । एक्शन इंडिया न्यूज
भूपेन्द्र पटेल मंत्रिमंडल ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल के 16 साथियों के साथ शपथ ग्रहण कर ली। मुख्यमंत्री पटेल ने राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में अपनी मंत्रिमंडल में आठ कैबिनेट, दो राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और छह राज्य मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। भूपेन्द्र पटेल ने अपने मंत्रिमंडल में जातीय समीकरण को भी साधने की कोशिश की है। उनके मंत्रिमंडल में चार पाटीदार, तीन कोली पटेल व तीन ओबीसी को जगह दी गई है।
भूपेन्द्र पटेल के नए मंत्रिमंडल के सदस्यों का औसत उम्र 57 हैं, वहीं इसमें सबसे अधिक शिक्षित मंत्री कुबेर डिंडोर हैं, इन्होंने डॉक्टरेट की है। वहीं इसमें सबसे कम पढ़े-लिखे राज्य के राज्य मंत्री हर्ष संघवी हैं। वे कक्षा 9वीं पास हैं। सरकार के चार मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मंत्रिमंडल के गठन में जाति और क्षेत्र को भी साधने की कोशिश की गई है। इसमें सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात से पांच-पांच सदस्यों को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है, वहीं उत्तर गुजरात से तीन और मध्य गुजरात से चार विधायकों को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। इसके अलावा जाति देखी जाए तो सर्वाधिक महत्व मुख्यमंत्री समेत चार पाटीदारों को स्थान मिला है। इसके बाद तीन कोली, तीन ओबीसी, दो अनुसूचित जनजाति, एक अनुसूचित जाति, एक जैन और एक ब्राह्मण को प्रतिनिधित्व मिला है।