
पूर्व सांसद डी.पी. यादव बने एनयूबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक महासंघ (एनयूबीसी) की एक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद, एवं पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार डीपी यादव मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संस्थागत ढांचे और प्रारूप के अलावा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
साथ ही इस विशेष अवसर पर महासंघ को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मिल गया। दरअसल इस कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति के बाद पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी यादव को महासंघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद सभागार में बैठे सभी सदस्यों में एक अलग ही जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सभी ने गर्मजोशी के साथ नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ना केवल जोरदार स्वागत किया बल्कि अपने संबोधन के माध्यम से संस्था की आगे की लड़ाई में अपना योगदान निभाने की प्रतिबद्धता का भी संकल्प लिया। इस मौके पर महासंघ के अन्य राज्यों से आये हुए सभी पदाधिकारियों व सभी सदस्यों ने मिलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव की उपस्थिति में केक काटकर उनके जन्मदिन का भी जश्न मनाया।
सभागार को संबोधित करते हुए नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव ने भी संस्था को नई ऊंचाई पर ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही उन्होंने संस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने और इसके माध्यम से पिछड़े और वंचित लोगों की आवाज को भी संबंधती पटल पर उठाने पर जोर दिया। इस मौके पर संस्था से जुड़े कई वर्तमान व पूर्व सांसद, विधायक के अलावा प्रधान मुकेश यादव, इंजीनियर अनिल यादव, सुनहरी लाल, सरजीत यादव, सुबोध यादव, अशोक यादव (काशी) सहित सैंकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।




