
एमएसपी पर सभी फसलें खरीदने की घोषणा से हरियाणा का किसान खुश: मोहन लाल
टीम एक्शन इंडिया
चंडीगढ़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने कहा कि हरियाणा एमएसपी पर सभी फसलों को खरीदने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरूक्षेत्र से किसानों को जो सौगातें दी हैं उनसे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है और सभी का समान रूप से विकास करती है।
ये बातें सोमवार को जनआशीर्वाद संपर्क अभियान के तहत जींद आए प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल कौशिक ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही। यहां उन्होंने कांग्रेस को भी घेरा और कांग्रेस को गरीबों का शोषण करने वाली पार्टी बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। सीएम नायब सैनी की लोकप्रियता और हरियाणा की जनता ने जिस प्रकार से उन्हें स्वीकार किया है इससे स्पष्ट हो गया है कि तीसरी बार भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा चुनाव में समय से ही अपने उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा कर देगी।
सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए मोहन लाल कौशिक ने कहा कि पिछले 10 सालों में भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं और युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के योग्यता के आधार पर 1 लाख 42000 सरकारी नौकरियां दी है। पारदर्शिता की नीति से जनता में सरकार के प्रति विश्वास का माहौल बना है। हमारे कार्यकर्ता पुरानी घोषणाओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही नई घोषणाओं को भी जनता के बीच बताने का काम करेंगे। भाजपा को सबसे बड़ी किसान हितैषी पार्टी बताते हुए मोहन लाल कौशिक ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां पर सरकार सभी 24 फसलों को अब एमएसपी पर खरीदने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अलावा ऐसा किसी अन्य राज्य में संभव नहीं हो पाया है। श्री कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी द्वारा किसानों का बकाया 133 करोड़ रुपए के आबियाना को माफ करना नायब सरकार का ऐतिहासिक कदम है।
90 विधानसभाओं में भाजयुमो निकालेगा तिरंगा यात्रा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रविवार को कुरुक्षेत्र की भूमि से मुख्यमंत्री ने हरियाणा विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि 11 से 14 अगस्त तक भाजयुमो प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में तिरंगा यात्रा निकालेगा।
14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस मनाया जाएगा और लोगों को विभाजन से हुए नुकसानों के बारे में जानकारी दी जाएगी।



