
नई दिल्ली | भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच अंतिम चरण में है. अपने आरोपों के सबूत के तौर पर इन पहलवानों ने कई ऑडियो रिकॉर्डिंग दिल्ली पुलिस को सौंपी हैं. साथ ही, वीडियो भी उपलब्ध कराए गए हैं. पुलिस को इस मामले में 15 जून से पहले चार्जशीट दाखिल करनी है.
4 पहलवानों ने सौंपे सबूत
जानकारी के मुताबिक, आरोप लगाने वाली 6 महिला पहलवानों में से 4 ने पुलिस को यह सबूत मुहैया कराया है. इन महिलाओं ने पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत में बृजभूषण पर बहाना बनाकर गलत मंशा से उन्हें ‘छूने’ का आरोप लगाया था. जिसके बाद, पुलिस ने उन्हें आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने को कहा था. रविवार को इन महिला पहलवानों ने आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस को ऑडियो- विजुअल सबूत मुहैया कराए.
बता दें इस मामले में पुलिस ने अब तक करीब 200 लोगों के बयान दर्ज किए हैं. जिनमें शिकायतकर्ता पहलवान, कोच, रेफरी और बृजभूषण शरण सिंह के सहयोगी शामिल हैं. हाल ही में, डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ब्रज भूषण शरण की मुश्किलें उस वक्त बढ़ती नजर आई जब दिल्ली पुलिस ने उन पर लगे महिला पहलवानों के आरोपों की जांच के लिए 5 देशों के कुश्ती महासंघों से मदद मांगी. दिल्ली पुलिस ने इन पांच देशों के महासंघों को पत्र लिखकर वीडियो और फोटो आदि की जानकारी मांगी है.
पांच देशों के कुश्ती महासंघों को लिखा पत्र
महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर इंडोनेशिया, बुल्गारिया, कजाकिस्तान, मंगोलिया और किर्गिस्तान में आयोजित टूर्नामेंट के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. दिल्ली पुलिस ने इन देशों के कुश्ती महासंघों को पत्र लिखकर टूर्नामेंट के वीडियो फुटेज और एथलीटों के ठहरने के वीडियो उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन देशों के कुश्ती महासंघों से मांगी गई जानकारी 15 जून तक नहीं मिल सकती है. अब पुलिस 15 जून के बाद विदेश से प्राप्त विवरण को पूरक आरोप पत्र में दर्ज कर सकती है.


