अन्य राज्यछत्तीसगढ़

220 बिस्तरीय शासकीय अस्पताल मनेंद्रगढ़ की बड़ी उपलब्धि: जटिल त्वचा प्रत्यारोपण से युवक को मिला नया जीवन

220 बिस्तरीय शासकीय अस्पताल मनेंद्रगढ़ की बड़ी उपलब्धि: जटिल त्वचा प्रत्यारोपण से युवक को मिला नया जीवन

एमसीबी/मनेंद्रगढ़

220 बिस्तरीय शासकीय अस्पताल, मनेंद्रगढ़ ने एक बार फिर उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का परिचय देते हुए जटिल शल्य चिकित्सा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जनरल सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नेक्रोटाइजिंग फेशियाइटिस जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से जूझ रहे 35 वर्षीय कैलाश कोल का सफल उपचार कर न केवल उसकी जान बचाई, बल्कि उसके हाथ को भी सुरक्षित रखने में सफलता प्राप्त की।

मरीज गंभीर संक्रमण के कारण सेप्टिक शॉक की स्थिति में अस्पताल पहुंचा था। जनरल सर्जन डॉ. राजीव गुप्ता एवं उनकी टीम ने तत्काल आपातकालीन सर्जरी कर संक्रमित ऊतकों को हटाया। इसके बाद 35 दिनों तक लगातार आधुनिक उपचार, ड्रेसिंग और संक्रमण नियंत्रण के माध्यम से मरीज की स्थिति में सुधार किया गया। स्वस्थ ऊतक विकसित होने पर जांघ की त्वचा का हाथ में सफल प्रत्यारोपण (स्किन ग्राफ्टिंग) किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। अब मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुका है।

डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि नेक्रोटाइजिंग फेशियाइटिस जैसी गंभीर बीमारी में समय पर पहचान और विशेषज्ञ उपचार से मरीज की जान और प्रभावित अंग दोनों को बचाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से चोट या घाव को कभी भी हल्के में न लेने तथा संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की।

उन्होंने जानकारी दी कि इस माह अस्पताल में नेक्रोटाइजिंग फेशियाइटिस के 22–23 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया, जबकि लगभग 50 मरीजों का बिना ऑपरेशन के प्रभावी उपचार कर स्वस्थ किया गया। इससे स्पष्ट है कि समय पर इलाज मिलने पर कई मामलों में बड़ी सर्जरी की आवश्यकता भी नहीं पड़ती।

डॉ. गुप्ता ने आधुनिक ऑपरेशन थिएटर एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य मंत्री के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर संसाधनों के कारण अब मनेंद्रगढ़ में ही उच्चस्तरीय और जटिल सर्जरियां सफलतापूर्वक की जा रही हैं। इससे क्षेत्र के मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है और उन्हें अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
यह सफलता 220 बिस्तरीय शासकीय अस्पताल, मनेंद्रगढ़ की बढ़ती चिकित्सा क्षमता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की दक्षता और मरीजों के प्रति समर्पित सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button