
उदयपुर में CNG के दाम ₹105.70 प्रति किलो पहुंचे, पेट्रोल-डीजल से भी महंगी हुई गैस
उदयपुर
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से राहत पाने के लिए सीएनजी वाहनों को विकल्प मानने वाले वाहन चालकों की जेब पर अब इस ईंधन का खर्च भी भारी पड़ने लगा है। उदयपुर में सीएनजी की कीमत 105.70 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है। यह पेट्रोल के 113.48 रुपए प्रति लीटर के करीब है और सामान्य पम्पों पर मिलने वाले डीजल के 98.52 रुपए प्रति लीटर से भी अधिक है। दूसरी ओर, जयपुर में सीएनजी करीब 96 रुपए और जोधपुर में 97 रुपए प्रति किलो बताई जा रही है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर क्षेत्र में तो यह इससे भी काफी सस्ती है। शहर में सीएनजी 99.20 रुपए प्रति किलो थी, जो 23 अक्टूबर को बढ़कर 105.70 रुपए हो गई। यानी प्रति किलो 6.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई। यह करीब 6.55 प्रतिशत की वृद्धि है।
उदयपुर शहर में करीब 10 सीएनजी पम्प हैं। उदयपुर क्षेत्र में 50 से 60 हजार सीएनजी वाहन हैं और प्रत्येक पम्प पर प्रतिदिन करीब 500 से 600 वाहन गैस भरवाने पहुंचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों के इस्तेमाल के बीच कीमतों में बढ़ोतरी का असर नियमित रूप से ईंधन भरवाने वाले लोगों के बजट पर पड़ने लगा है।
ईंधन – कीमत
पेट्रोल 113.48 प्रति लीटर
स्पीड पेट्रोल 123.13 प्रति लीटर
डीजल 98.52 प्रति लीटर
सीएनजी अक्टूबर में 99.20 प्रति किलो
सीएनजी 23 अक्टूबर 105.70 प्रति किलो
सीएनजी और पेट्रोल के अंकित भाव में सिर्फ 7.78 रुपए का अंतर रह गया है। वहीं, सीएनजी की प्रति किलो कीमत डीजल के प्रति लीटर भाव से 7.18 रुपए ज्यादा है।
एक ही प्रदेश में सीएनजी की कीमतों में बड़ा अंतर
शहर/क्षेत्र सीएनजी दर प्रति किलो में
उदयपुर शहर 105.70
उदयपुर जिला 106.40
जयपुर शहर 96
जयपुर जिला 99.50
जोधपुर 97
बांसवाड़ा शहर 81.44
बांसवाड़ा/डूंगरपुर 88.94
खेरवाड़ा 88.94
उदयपुर शहर की दर जयपुर से 9.70 रुपए और जोधपुर से 8.70 रुपए प्रति किलो अधिक है। बांसवाड़ा शहर की बताई गई दर से तुलना करें तो अंतर 24.26 रुपए प्रति किलो अधिक है।
वाहन चालकों पर असर
1- गैस भरवाने पर अब प्रति किलो 6.50 रुपए अधिक देने पड़ रहे हैं।
2- रोजाना वाहन चलाने वाले निजी वाहन मालिकों, टैक्सी और व्यावसायिक वाहन संचालकों का मासिक खर्च बढ गया।
3- उदयपुर और अन्य शहरों के भाव में बड़ा अंतर होने से बड़े वाहनों के लिए शहर के बाहर भरवाने का विकल्प।




