दिल्ली

केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी को लेकर आप का प्रदर्शन

टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने शनिवार को देश भर में विरोध-प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत दिल्ली, उप्र, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात समेत देश के 21 राज्यों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कई जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।

राजधानी दिल्ली विरोध-प्रदर्शन का केंद्र रहा। दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, पार्षद और पदाधिकारियों के अलावा दिल्ली के कोने-कोने से भारी संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ता पहले पार्टी मुख्यालय पर एकत्र हुए। बीमार होने के बावजूद कैबिनेट मंत्री आतिशी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। यहां से वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारे लिखे पोस्टर-बैनर लिए भाजपा मुख्यालय की तरफ कूच किए तो दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इसके विरोध में कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

कार्यकतार्ओं ने भाजपा और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अरविंद केजरीवाल को जल्द रिहा करने की मांग की। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सीबीआई से अवैध गिरफ्तारी कराने के खिलाफ पार्टी ने देशभर के 21 राज्यों के भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।

इस देशव्यापी प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जेल में हैं तो उनके सिपाही सड़क पर उनकी आवाज बुलंद कर रहे हैं। दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एक नया परिवर्तन किया। अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोग अपना भाई-बेटा और हीरो मानते हैं।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली ने 30 फीसदी प्रदूषण कम किया है और गांवों के विकास के लिए 900 करोड़ रुपये आवंटित किया है। दिल्ली में मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी देश के दूसरे राज्यों की तुलना में दोगुना है।
दिल्ली में सबसे ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश में हर वर्ग के लिए आवाज उठाई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button