
पंजाबी कॉलोनी के बहवालपुर समाज मंदिर मेंअग्रवाल सेवा संघ ट्रस्ट ने किया तीज महोत्सव का आयोजन
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के नरेला में पंजाबी कॉलोनी स्थित बहवालपुर समाज मंदिर में अग्रवाल सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं, प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। जिसमें डिजाइनर राखी, बैग्स, आकर्षक आभूषण, सजावटी सामान, किचन वेयर व खानपान आदि वस्तुओं के 40 से ज्यादा स्टाल लगाए गए जिनमें लोगों ने जमकर खरीदारी की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नरेला विधायक शरद चौहान, वार्ड एक नरेला से निगम पार्षद श्वेता खत्री मौजूद रहे। मेहंदी प्रतियोगिता में लकी ड्रा कूपन निकाले गए।
विजेता महिलाओं को अतिथियों द्वारा सुंदर उपहार दिए गए। समारोह में सभी महिलाएं आकर्षक परिधानों में सजी-धजी दिखाई दी। इस दौरान नरेला विधायक शरद चौहान ने भव्य कार्यक्रम आयोजन के लिए अग्रवाल सेवा संघ ट्रस्ट को बधाई दी और कहा कि तीज का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम को बढ़ाने का त्यौहार है। लेकिन आज के समय में पारंपरिक और सांस्कृतिक त्यौहार लगातार समाप्ति की ओर बढ़ रहे हैं
। इसका कारण युवा पीढ़ी में इन त्योहारों को लेकर अज्ञानता है। उन्होंने कहा कि इन त्योहारों को विलुप्त होने से बचाने के लिए इस तरह के आयोजन बहुत जरूरी हैं। अग्रवाल सेवा संघ ट्रस्ट के प्रधान कृष्ण बंसल ने कहा कि ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष भव्य तीज महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सभी को तीज की बधाई दी और कहा कि तीज, त्योहार हमारे जीवन में आपसी सद्भाव, भाईचारे के रंग भरते हैं और यह हमारे देश की महान प्राचीन सभ्यता, संस्कृति एवं परंपराओं के परिचायक हैं।
इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम व लोक गीतों का आयोजन किया गया। महोत्सव में अग्रवाल सेवा ट्रस्ट के प्रधान कृष्ण बंसल, प्रचार मंत्री राहुल सिंघल, महावीर प्रसाद, विकास बंसल, बंटी गर्ग, अनुराग जैन, राहुल मंगला, सागर बंसल सहित सैकड़ो की संख्या में महिलाएं मौजूद रही।



