
भारत जोडो यात्रा: अलवर शहर में राहुल गांधी को देखने उमड़ी भारी भीड़
अलवर। एक्शन इंडिया न्यूज
शहर में राहुल गांधी की भारत जोडो यात्रा मंगलवार सुबह 6 बजे शुरू हुई। राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, मंत्री टीकाराम जूली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता विधायक व मंत्री साथ चल रहे है। अलवर शहर में करीब 13 किलोमीटर राहुल गांधी पैदल चलेंगे। शहर में यात्रा कटी घाटी से शुरु होकर भवानी तोप सर्किल होते हुए मोती डूंगरी, एस एम डी सर्किल, बिजली घर सर्किल, भगत सिंह सर्किल होते हुए अग्रसेन सर्किल पहुंची। यहां से यात्रा 200 फ़ीट रोड होते हुए मोदी गढ़ पहुंची। इस दौरान राहुल गांधी का विभिन्न जगह करीब 40 सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया। कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। जिमनास्टिक, ताईक्वंडो सहित अनेक कार्यक्रम बच्चों द्वारा प्रस्तुत किये गये।
अलवर शहर में पैदल यात्रा के बाद रामगढ़ तक अलग-अलग जगहों पर नुक्कड़ सभा व स्वागत का कार्यक्रम कांग्रेस की तरफ से रखा गया है। अलवर यात्रा के बाद भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह हरियाणा में प्रवेश करेगी। अलवर के मालाखेड़ा में हुई कांग्रेस की सभा में जुटी भीड़ और आज पैदल यात्रा में जबरदस्त भीड़ देखने के बाद से कांग्रेसियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ऐतिहासिक है। पूरे देश में इसका असर देखने को मिल रहा है। लाखों लोग आगे आकर भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ रहे हैं।
अलवर शहर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को देखने के लिए जबरदस्त भीड़ सड़कों पर आ गई। सुबह ठंड में ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। इसके बाद जैसे जैसे दिन निकलता गया यात्रा को देखने और शामिल होने लिए बच्चे से लेकर बड़े तक सड़कों पर आ गए। शहर जाम के हालत रहे। दोनों ओर की सड़कों पर बस भीड़ का रेला ही दिख रहा था।