
बीजेपी सरकार ने हरियाणा में जंगल राज को बढ़ावा दिया: संजय सिंह
टीम एक्शन इंडिया
नारनौल/महेंद्रगढ़: राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता संजय सिंह ने नारनौल विधानसभा से पार्टी के उम्मीदवार रविंद्र सिंह मटरू और महेंद्रगढ़ से पार्टी के उम्मीदवार डॉ. मनीष यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर मौजूद रहे। सांसद संजय सिंह ने कहा कि पिछले 10 साल से हरियाणा में बीजेपी का शासन है। खट्?टर सरकार ने हरियाणा को खटारा बना दिया। बीजेपी ने हरियाणा को बेरोजगारी में नंबर एक पर पहुंचा दिया है।आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा की कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। हरियाणा में प्रतिदिन 46 महिलाओं के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं।
प्रतिदिन 13 महिलाओं का अपहरण होता है। आज भी यमुनानगर से चौका देने वाली खबर आ रही है, जहां 72 घंटों में एक 6 और एक 7 साल की बच्चियों से दुष्कर्म कर गला घोंटा और उनकी आंख तक फोड़ डाली। इसलिए इस बार आम आदमी पार्टी का सत्ता में लाना है। इस बार तख्त बदल दो, ताज बदल दो, इन बेईमानों को राज बदल दो। उन्होंने कहा कि हरियाणा के चुनाव में कई पार्टियां मैदान में हैं। हरियाणा की जनता ने इस सभी पार्टियों को मौका देकर देख लिया।
इन्होंने हरियाणा को कैसे बर्बाद किया इसके सबसे बड़ गवाह आप लोग हो। इस लिए इस बार मिलकर झाड़ू चलानी है और हरियाणा की राजनीति में एक बदलाव लाना है। ये बदलाव अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में लाना है। अरविंद केजरीवाल ने 10 साल की आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनाने का काम किया है। आपके इसी हरियाणा का लाल अरविंद केजरीवाल इसी हरियाणा की मिट्टी से निकले और उन्होंने देश के सबसे बड़े संस्थान आईआईटी खड़गपुर से पढ़ाई की। इसके बाद इनकम टैक्स के कमिश्नर बने, उस नौकरी को लात मारकर झुग्गी झोपड़ियों में रहने लगे और गरीबों की लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने 49 दिन मुख्यमंत्री बनने के बाद जब उसूलों और सिद्धातों की बात आई तो अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर कहा कि हम जनता के बीच जाएंगे। इसके बाद 67 सीटें जीतकर सरकार बनाई।
अरविंद केजरीवाल ने 10 साल की राजनीतिक सफर में देश राजनीति में ऐसा बदलाव किया कोई सोच भी नहीं सकता था कि गरीब के घर में रोशनी आएगी मगर उसकी कोई कीमत नहीं होगी। यदि ये सपना देश की राजनीति में किसी ने पूरा किया तो वो अरविंद केजरीवाल ने किया। इसलिए इस बार ईमानदारी की एक ही पहचान, झाड़ू का निशान और अरविंद केजरीवाल। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली में मुख्यमंत्री बने तो दिल्ली में बिजली फ्री, पानी फ्री, शिक्षा फ्री, चिकित्सा फ्री, महिलाओं के लिए बस यात्रा और बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा फ्री करने का काम किया।
अरविंद केजरीवाल ने फरिश्ते स्कीम लाकर कहा कि यदि रास्ते में किसी का एक्सीडेंट हो जाए तो उसको छोड़कर भागना नहीं उसको अस्पताल में पहुंचा देना जिसके लिए सरकार दो हजार रुपए देगी और इलाज में जितना मर्जी खर्च हो सारा खर्च सरकार देगी। उन्होंने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल की सरकार बनी तो स्कूलों में जाले लगे रहते थे। आज उसी सरकारी स्कूल में अरविंद केजरीवाल ने एसी के कमरे बनवाने का काम किया है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में स्विमिंग पूल बनवाए और ग्राउंड बनवाए। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सतेंद्र जैन और मुझे छह महीने तक जेल में रखा। लेकिन इनके सामने झुके नहीं।
उन्होंने कहा कि इन 10 सालों में किसकी जिंदगी में बदलाव आया यदि ये सोचोगे तो चुनाव में सही निर्णय ले पाओगे। यदि बीजेपी के झूठ को याद करोगे तो याद करना कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2024 में 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। बीजेपी ने वादा किया था कि महंगाई कम कर देंगे, लेकिन डीजल 100 पार हुआ, पेट्रोल 110 पार हुआ, टमाटर 250 रुपए किलो बिका, सब्जी महंगी, सरसों का तेल महंगा हुआ और गैस सिलेंडर 1200 का हो गया। बीजेपी ने महंगाई को आसमान पर पहुंचाने का काम किया है। बीजेपी ने काला धान लाने का वादा किया था कि इतना काला धन लाएंगे कि हर आदमी के खाते में 15 लाख जमा हो जाएगा, लेकिन किसी के खाते में 15 पैसे नहीं आए। ये बीजेपी भारतीय जुमला पार्टी है और भारतीय झूठा पार्टी है। बीजेपी जाति और धर्म के नाम पर लड़ाती है इसलिए बीजेपी केवल लड़ा सकती है इसलिए लड़ाई वाली पार्टी है और आम आदमी पार्टी पढ़ाई वाली पार्टी है, क्योंकि हम पढ़ाई की बात करते हैं। यदि अपने बच्चों के लिए अच्छे स्कूल बनाने हैं तो आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को जीताना है और अरविंद केजरीवाल को मजबूत करना है।