
सबका साथ सबका विकास की नीतियों पर काम कर रही भाजपा: कंवरपाल
टीम एक्शन इंडिया/यमुनानगर
भाजपा जिला यमुनानगर के सभी 13 मंडलों की कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन सभी मंडलों में किया गया। इसी कड़ी के अंतर्गत रविवार को जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के जगाधरी मंडल, छछरौली मंडल व प्रतापनगर मंडल की बैठकों में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने शिरकत की। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा रहे। जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के तीनों भाजपा मंडलों की बैठक की शुरूआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित करके बैठक का शुभारंभ किया। इसके बाद अम्बाला लोकसभा से भाजपा सांसद रहे स्वर्गीय रतन लाल कटारिया को सभी भाजपा नेताओं व कार्यकतार्ओं ने पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंडल जगाधरी,मंडल छछरौली व मंडल प्रतापनगर में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने दिवंगत सांसद रतन लाल कटारिया को श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने भाजपा मंडल बैठकों में भाजपा कार्यकतार्ओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि यह साल केंद्र भाजपा सरकार व हरियाणा प्रदेश भाजपा सरकार की नीतियों व भारतीय जनता पार्टी के गरीब उत्थान के विचार को घर-घर पहुंचाने का है। यह साल सुनियोजित विकास की परंपरा को रफ्तार देने का है और इस लक्ष्य को हासिल करने में सबसे अहम कड़ी आप सभी भाजपा कार्यकर्ता बंधु है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवार को मतदाता सूची के पन्ना स्तर पर मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम हो रहा है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति का गठन करने में अपना योगदान दें। भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर वर्ग हर तबके हर हित का लक्ष्य लेकर सबका साथ सबका विकास की नीतियों पर काम कर रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने भाजपा कार्यकतार्ओं से कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर 30 मई से 30 जून तक भाजपा कार्यकर्ता महा सम्पर्क अभियान चलाएंगे व मोदी सरकार की जानकारी आम जनता को देंगें। भाजपा के पन्ना प्रमुखों का डाटा जल्द से जल्द सरल पोर्टल पर अपलोड किया जाए। भाजपा के अल्पकालीन विस्तारको व शक्ति केन्द्र प्रमुख यह कार्य जल्द से जल्द करें।