अन्य राज्यहरियाणा

बोर्ड परीक्षा में तकनीक का सहारा, क्यूआर कोड और उड़नदस्ते कसेंगे फर्जी परीक्षार्थियों पर शिकंजा

भिवानी.

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षाओं को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार परीक्षार्थियों की रोल नंबर स्लिप (प्रवेश-पत्र) पर विशेष सुरक्षा फीचर और क्यू.आर. कोड लगाए गए हैं, जिनकी मदद से फर्जी परीक्षार्थियों पर सख्ती की जाएगी।

प्रवेश-पत्र पर लगाए गए क्यू आर कोड को उड़नदस्ते मौके पर स्कैन कर परीक्षार्थी की फोटो और विवरण की जांच कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि 25 फरवरी से 12वीं और 26 फरवरी से 10वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी। इस बार कुल 5,71,767 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।

इनमें 10वीं के 1,55,027 छात्र और 1,40,721 छात्राएं तथा 12वीं के 1,41,566 छात्र और 1,29,097 छात्राएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डी.एल.एड. परीक्षा में 5,356 छात्र अध्यापक भी शामिल होंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 60 हजार अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। 10वीं की परीक्षाएं 20 मार्च को तथा 12वीं की परीक्षाएं 1 अप्रैल को संपन्न होंगी। राज्यभर में बनाए गए लगभग 1,420 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 325 उड़नदस्ते (फ्लाइंग स्क्वायड) तैनात किए गए हैं।

30 मिनट पहले पहुंचे परीक्षार्थी
बोर्ड चेयरमैन ने निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचें। प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे, इसलिए प्रवेश-पत्र का लैमिनेशन न करवाया जाए। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

रंगीन प्रिंट आऊट अनिवार्य
बोर्ड की वैबसाइट www.bseh.org.in  पर उपलब्ध लिंक से प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आऊट ए-4 साइज पेपर पर निकालना अनिवार्य होगा। विद्यालयी और स्वयंपाठी परीक्षार्थियों को आवेदन के समय स्कैन की गई फोटो रंगीन प्रवेश पत्र पर चिपकाकर सत्यापित करवानी होगी। प्रवेश-पत्र और मूल पहचान पत्र (आधार कार्ड आदि) के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को अपने आधार कार्ड पर नवीनतम फोटो अपडेट कराने की भी सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button