
गठबंधन प्रत्याशी मनीष तिवारी को बसपा प्रत्याशी ने घेरा
टीम एक्शन इंडिया
चंडीगढ़: लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के प्रचार के आखिरी दिन गुरुवार को इंडिया गठबंधन के तहत चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी को बीएसपी प्रत्याशी ऋतु सिंह ने अचानक बहस के लिए घेर लिया।ऋतु सिंह ने सवालों की बौछार करते हुए कहा कि कांग्रेस आरक्षण समाप्त करना चाहती है।इस पर मनीष तिवारी ने कहा कि संविधान के तहत आरक्षण सुरक्षित है।
मनीष तिवारी मीडिया से बातचीत के लिए चंडीगढ़ प्रेस क्लब पहुंचे थे।तिवारी की मीडिया से बातचीत लगभग समाप्ति की ओर थी तभी चंडीगढ़ सीट से ही बीएसपी प्रत्याशी ऋतु सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंच गई।ऋतु सिंह को देख तिवारी ने अपनी बातचीत कुछ और जल्दी समाप्त कर दी। तिवारी के मंच से उतरते ही ऋतु सिंह ने उन्हे घेर लिया।उन्होंने तिवारी से यह कहना शुरू किया कि ये इंडिया गठबंधन है या ठगबंधन है।उन्होंने चंडीगढ़ की कोलोनियो में स्वामित्व के अधिकार देने,पेयजल आपूर्ति न होने और डंपिंग ग्राउंड जैसी समस्याएं हल न किए जाने पर सवाल किए।इस पर तिवारी ने कहा कि इस बारे में तो दस साल भाजपा की सांसद रही किरण खैर से सवाल किया जाए।
चंडीगढ़ की समस्याओं पर सवाल करने के साथ ही ऋतु सिंह ने कांग्रेस के आरक्षण समाप्त करने के इरादे पर सवाल करना शुरू किया।तिवारी ने कहा कि संविधान में आरक्षण सुरक्षित है।उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में आरक्षण पचास फीसदी से अधिक है।ऋतु सिंह के सवाल दागे जाने के दौरान कुछ महिला मीडिया कर्मी भी उनका विरोध करने लगी।महिला मीडिया कर्मियों ने कहा कि मीडिया को बात करने दो।करीब तीस मिनट की इस बहस को तिवारी ने खत्म किया।उन्होंने ऋतु सिंह को कहा कि कृपया भाजपा की बी टीम न बने।यह कहते हुए तिवारी प्रेस क्लब से रवाना हो गए।
इससे पहले तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने चंडीगढ़ में अपनी हार मान ली है।इसलिए इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह प्रचार करने चंडीगढ़ नही आए। पिछले 2014 और 2019 के चुनाव में दोनो प्रचार करने चंडीगढ़ आए थे।उन्होंने यह भी कहा कि बहस के लिए भाजपा प्रत्याशी का इंतजार किया था लेकिन वो नहीं आए।इंडिया गठबंधन ने एकजुट होकर प्रचार किया और यह गठबंधन जमीनी स्तर पर सफल रहा।उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ मंडी की समस्या उन्हे बताई गई है। इन्हे प्राथमिकता से हल किया जाएगा।