अन्य राज्यबिहार

लंदन से डबलिन तक छठ की छटा, बिहार से आई पूजा सामग्री, विदेश में खरना, गूंजे महापर्व के गीत

पटना
वैसे तो पूरे बिहार में छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। लेकिन लोक आस्था के पर्व छठ की छठा अब विदेशों में बिखेरी जा रही है। विदेशों में रहने वाले भारतीय प्रकृति के महापर्व को सात समंदर पार भी पवित्रता और आस्था के साथ मना रहे। इस वर्ष भी डबलिन(आयरलैंड), लंदन(इंग्लैंड), ओमान समेत अन्य देशों में रहने वाले भारतीय छठ महापर्व मना रहे।

विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने समूह भी बनाया है। इस समूह ने विदेशों में भी सामूहिक रूप से छठ मनाने की शुरुआत की है। पटना के विजय ने बताया कि उनकी पत्नी दीप्ति सात साल से डबलिन में छठ करती आ रही हैं। इस वर्ष भी उन्होंने छठ व्रत किया है। वहीं लीड्स (इंग्लैंड) में रह रहे बिहार के ऋषिकांत ने बताया कि लीड्स में ‘बिहारीज बियॉन्ड बाउंड्रीज’ नाम से एक समूह बना है। इसमें बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के 400 से अधिक लोग जुड़े हैं।

इस बार इस समूह के पांच लोग लीड्स हिन्दू मंदिर में छठ कर रहे। पिछले वर्ष से सामूहिक रूप से छठ मनाने की शुरुआत हुई है। इस बार छठ में 300 से अधिक भारतीय परिवार शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि विदेश में भी लोक आस्था के इस महापर्व के बारे में लोग जानने लगे हैं। विदेशी भी इस पर्व में पूरी श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं।

ऋषिकांत ने बताया कि इस वर्ष छठ पूजा के लिए कुछ पूजन सामग्री जो विदेश में नहीं मिलती है पहले ही मुजफ्फरपुर से कुरियर के माध्यम से मंगा ली गई थी। शारदा सिन्हा के छठ गीत भी विदेशों में रहने वाले भारतीय परिवारवालों के घर में गूंज रहे है। छठ के गीतों से पूरा माहौल छठ मय हो गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button