
मुख्यमंत्री ने पानीपत में 32 परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
टीम एक्शन इंडिया
पानीपत/कमाल हुसैन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि पिछले लगभग 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने एक ऐसी व्यवस्था कायम की है, जिसमें हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया गया है और प्रदेश के विकास को नये आयाम दिये हैं। वर्तमान सरकार के लगभग 10 साल का कार्यकाल पिछली सरकारों के 48 वर्षों पर भारी पड़ा है। जितने विकास के कार्य इस सरकार के कार्यकाल में हुए हैं, उतने पहले कभी नहीं हुए।
मुख्यमंत्री आज जिला पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 227 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 32 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें 36 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत की 19 परियोजनाओं का उद्घाटन और लगभग 191 करोड़ रुपये की लागत की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पानीपत शहरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों हेतु 10 करोड़ रुपये और पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए भी 10 करोड़ रुपये की राशि मंजूरी करने की घोषणा की।
नायब सिंह ने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर किसी भी देश व प्रदेश के भौतिक विकास का पैमाना माना जाता है। यही नहीं मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर वहां रहने वाले लोगों के जीवन.स्तर को ऊपर उठाने की पहली शर्त भी है। यह उद्योग और निवेश को आकर्षित कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है।
हरियाणा प्रदेश अपने मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर के बलबूते ही अपनी आर्थिक विकास दर 8 प्रतिशत वार्षिक बनाए हुए है, जबकि देश की औसत आर्थिक विकास दर 6.7 प्रतिशत है।
पूर्व की सरकारों में विकास और जनकल्याण की योजनाओं में होता था भेदभाव: मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमने वर्ष 2014 में प्रदेश की जनसेवा का दायित्व ग्रहण किया था तो हमारे सामने कई चुनौतियां थीं। हमें विरासत में जर्जर अर्थव्यवस्था मिली, सहकारी ढांचा तहस-नहस था, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम घाटे में चल रहे थे। विकास और नौकरियों में क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। पूर्व की सरकारों में विकास और जनकल्याण की योजनाओं में बड़ा भेदभाव होता था। एक ही क्षेत्र का विकास होता था, बाकि प्रदेश की अनदेखी की जाती थी।


