
नागरिक अपनी प्रॉपर्टी आई.डी. को करें स्व-प्रमाणित: अभिषेक
टीम एक्शन इंडिया
राजकुमार प्रिंस
करनाल। नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा ने सभी शहरवासियों से अपील करते कहा है कि वे एन.डी.सी. पोर्टल पर अपनी प्रॉपर्टी आई.डी. के डाटा को स्व-प्रमाणित कर प्रॉपर्टी आई.डी. के डाटा को लॉक करें। उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी आई.डी. को लॉक करने से कोई अन्य व्यक्ति उससे किसी प्रकार की छेडखानी नहीं कर सकता और न ही उसमें कोई तबदीली लाने के लिए आपत्ति दर्ज कर सकता।
ऐसा करने से सम्बंधित प्रॉपर्टी मालिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि स्व-प्रमाणित करने से सम्बंधित प्रॉपर्टी मालिक को वित्त वर्ष 2024-25 के सम्पत्ति कर पर 10 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि एन.डी.सी. पोर्टल पर प्रॉपर्टी आई.डी. के डाटा को स्व-प्रमाणित करते ही प्रॉपर्टी आई.डी. लॉक हो जाती है। इसके पश्चात अगर कोई भी व्यक्ति इसमें आॅब्जैक्शन लगाना चाहता है तो उसके लिए ओ.टी.पी. सम्बंधित प्रॉपर्टी मालिक के पास आएगा। इसके बिना वह कुछ नहीं कर सकता।
निगमायुक्त ने बताया कि अभी तक 30 हजार 190 सम्पत्ति मालिक अपनी प्रॉपर्टी आई.डी. को स्व-प्रमाणित करवा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उपरोक्त कार्य को करने के लिए नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में कर्मचारियों की टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर सभी सम्पत्ति धारकों से सम्पर्क कर प्रॉपर्टी आई.डी. का डाटा स्व-प्रमाणित करने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने सभी सम्पत्ति धारकों से अपील करते कहा है कि वह इस कार्य के लिए नगर निगम की टीमों का सहयोग करें। यह कार्य नागरिकों की सुविधा के लिए ही किया जा रहा है।