Select Page

अंबानी-अडानी जैसे लोगों की जेब में जा रहा देश का पैसा: ओमप्रकाश चौटाला

अंबानी-अडानी जैसे लोगों की जेब में जा रहा देश का पैसा: ओमप्रकाश चौटाला

टीम एक्शन इंडिया/फरीदाबाद
इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। अगले साल होने वाले चुनावों में जनता इस तानाशाह सरकार को निश्चित रूप से सबक सिखाएगी। इनेलो ही आज एक ठोस व सशक्त विकल्प है। श्री चौटाला शुक्रवार को परिवर्तन पदयात्रा के दौरान समर्थकों से रूबरू हो रहे थे।
ओमप्रकाश चौटाला ने मौजूदा सरकार को जुमलों की सरकार बताते हुए कहा कि आज विकास कार्य बाधित होकर रहे गए हैं। प्रदेश की स्थिति चिंतनीय हो गई है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं मयस्सर नहीं हो रही हैं। अस्पतालों में चिकित्सक व दवाइयां नहीं हैं। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि विकास के नाम पर एक नई ईंट तक नहीं लगी। स्कूलों में मास्टर नहीं है। नफरत फैलाई जा रही है और इसकी आड़ में लोगों को लूटा जा रहा है। टैक्स पर टैक्स लगाए जा रहे हैं। देश का पैसा अंबानी-अडानी जैसे मुट्ठी भर लोगों की जेब में जा रहा है। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि हमारे राज में जो सडकें बनी थी, उसका बुरा हाल हो गया है। बुजुर्गों को पैंशन के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। लोगों का कोई भला कर सकता है तो वह इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी ही है। ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि हमारा किसी से द्वेष नहीं, हमारा किसी से विरोध नहीं, ना ही हमारा कोई राजनीतिक स्वार्थ है। हम तो चौ. देवी लाल के सपनों को साकार करने के लिए जनता के हित की लड़ाई लड़ रहे हैं। लोगों का आपस में जोडऩे के लिए गांव-गांव परिवर्तन यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अतीत में हमने अच्छे काम किए हैं, भविष्य में और अच्छा काम करेंगे। बुजुर्गों की पैंशन नकारा सरकार ने काट दी है, इनेलो शासन आने पर बुजुर्गों की काटी गई पेंशन का पैसा ब्याज सहित दिया जाएगा। महिलाओं को सम्मान के लिए अलग से पैंशन की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, पढ़ाई की कोई फीस नहीं लगेगी, ना ही कोई किताबों का खर्चा होगा। पढने वाले बच्चे का बीमार पडऩे पर मुफ्त इलाज किया जाएगा। युवाओं को उनकी योग्यता के हिसाब से अच्छा पद दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनेलो के शासनकाल में वे स्वयं जनता के बीच जाते थे और मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करते थे।
आज यह सरकार लोगों की सुनवाई नहीं कर रही है। चुने हुए जनप्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हैं। किसान, व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर सभी वर्ग इस सरकार से मायूस हैं। प्रदेश पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है।

Latest News

Advertisement

Advertisement