
‘पानी की समस्या का समाधान निकालें दिल्ली सरकार’
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रोशन कंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा के द्वारा पानी की किल्लत को लेकर आदर्श नगर से लेकर नंदा रोड़, भडौला गांव, भडौला सेवा बस्ती और आदर्श नगर मैटो स्टेशन तक विरोध यात्रा निकाली गई।
इस दौरान मटका फोड प्रदर्शन भी किया और लोगों को केजरीवाल की नाकामियों से अवगत कराया गया। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष रोशन कंसल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार भाटिया, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, प्रदीप राणा, गौरव गुप्ता, टीना आहूजा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पूर्व जिला अध्यक्ष रोशन कंसल ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता को गुमराह करने का कार्य किया है, जो वादे आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से किये थे, वह एक भी पूरे नहीं हुए है, जिसके चलते आज दिल्ली की जनता को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
श्री कंसल ने बताया कि आम आदमी पार्टी के राज में दिल्ली की जनता को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है और आम आदमी पार्टी कहती है कि हम दिल्ली की जनता को मुफ्त पानी दे रहे है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अधिकतर कॉलोनियों में जहां सुबह और शाम दो टाईम पानी आता था, अब वह एक ही बार आ रहा है और वह भी गंदा आ रहा है, जिसके चलते लोगों को बाजार से महंगे दामों पर पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। श्री कंसल ने कहा कि दिल्ली सरकार को पानी की समस्या का समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि भाजपा के द्वारा आदर्श नगर से लेकर भडौला गांव, भडौला सेवा बस्ती और आदर्श नगर मैट्रो स्टेशन तक विरोध यात्रा निकाली गई। इसमें जनता को केजरीवाल सरकार की नाकामियों से अवगत कराया गया।