
गूंगी बहरी सरकार को जगाने का काम किया जा रहा है: देवेन्द्र यादव
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा द्वारा 15 वर्षों तक दिल्ली नगर निगम को लूट कर कंगाल करने के बाद पिछले 10 वर्षों से केजरीवाल सरकार और दो वर्षों के आम आदमी पार्टी शासित दिल्ली नगर निगम की नकारात्मक सोच और निष्क्रिय प्रशासनिक व्यवस्था से त्रस्त दिल्ली की जनता एक बार फिर कांग्रेस की ओर देख रही है।
प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में दिल्ली कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाते हुए गूंगी बहरी सरकार को जगाने का काम कर रही है। जब मोदी जी खुद मानते है कांग्रेस ने केजरीवाल के भ्रष्टाचार का खुलासा किया और जब दुनिया कोविड महामारी से लड़ रही थी केजरीवाल सरकार शराब घोटाला करने में लगी थी। भाजपा और केजरीवाल की मिली जुली सहमति से शराब घोटाले को अंजाम दिया गया क्योंकि उस समय निगम में भाजपा थी और दिल्ली में भाजपा के सातों सांसद थे।
श्री यादव ने कहा कि केजरीवाल के साथ मिलकर भाजपा ने शराब घोटाले को अंजाम दिया जिसको कांग्रेस पार्टी ने दुनिया के सामने उजगार करके विपक्ष की भूमिका निभाई। देवेन्द्र यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त का नारा देने वाले मोदी और केजरीवाल की भाजपा और आम आदमी पार्टी ने देश से राजधानी तक भ्रष्टाचार फैलाकर पूरा वातावरण दूषित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने केजरीवाल के साथ मिलकर दिल्ली को घोटाले की राजधानी बनाया दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच एजेंसियां निष्पक्ष जांच करेगी तो आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ भाजपा के नेताओं पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक सकती है परंतु भाजपा के एकतरफा निर्णय के कारण उनके नेता शराब घोटाले जैसे कर्मकांड से बचे हुए है।




