हरियाणा

कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

टीम एक्शन इंडिया
दलबीर मलिक
कुरुक्षेत्र : उपमंडल अधिकारी नागरिक सुरेंद्र पाल ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र के पर्व के रूप में आयोजित किया जाने वाला सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। पूरी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की चुनाव प्रक्रिया भी अपने आप में बड़ी महत्वपूर्ण है तथा इसकी प्रक्रिया को मतदाताओं के लिए सरल बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारियों को बड़ी लगन, मेहनत और निष्ठा से काम करना होता है।

अहम पहलू यह है कि इस बार हुए आम चुनाव में प्रदेश व जिला में कहीं भी पुन: मतदान कराए जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी, जिसे लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा भी कर्मचारियों की सराहना की गई है। एसडीएम सुरेंद्र पाल शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में चुनाव में अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।

इस दौरान एसडीएम ने चुनाव के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि उपमंडल कार्यालय थानेसर में शिक्षा विभाग तथा अन्य विभागों से भी कर्मचारियों को सी-विजिल, एन कोर, सुविधा एप्प, ट्रेनिंग तथा अन्य कार्यों के लिए कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया था। इस बार की चुनावी प्रक्रिया में इस क्षेत्र में पहली बार महिला कर्मचारियों की ड्यूटी बड़े स्तर पर लगाई गई थी, जिसे महिला कर्मचारियों द्वारा बखूबी निभाया गया।

इसके साथ-साथ दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा भी बूथ का प्रबंधन, संचालन बड़ी कुशलता से किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में भाग लेने वाले ऐसे सभी कर्मचारियों, अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इस मौके पर महेंद्र पाल, अनिल कुमार, गौतम दत्त, ओमदत्त, महावीर, वीरेंद्र, सतबीर, संजय विज, अश्विनी, दीपिका सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button