दिल्ली

नई अनाज मंडी के सामने बढ़ता अतिक्रमण, राहगीर परेशान

टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के नरेला में अलीपुर रोड़ स्थित नई अनाज मंडी के सामने सड़क के दोनों तरफ बढ़ते अतिक्रमण से लोगों का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। पहले यहां कुछ लोहार ही सड़क किनारे झुग्गी डालकर अपना जीवन यापन करते थे। लेकिन अब इनकी आड़ में बड़ी संख्या में लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। बड़ी संख्या में यहां अस्थाई दुकानें सज गई हैं।

आलम यह है कि सड़क के दोनों तरफ टूर ट्रेवल्स के बोर्ड और ढाबो की कुर्सियां ही नजर आती हैं। इसके बाद जो जगह बचती है वहां उनके टू व्हीलर और कारे खड़ी रहती है। अनाज मंडी होने के कारण यहां प्रतिदिन काफी ट्रक और ट्रैक्टर दूर दराज के क्षेत्र से आते हैं जो अक्सर सड़क पर ही खड़े रहते हैं।

इनके कारण अक्सर लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से भी जूझना पड़ता है। स्थानीय निवासी धीरज खत्री ने बताया कि भोरगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण काफी संख्या में लोग सुबह और शाम इसी सड़क से फैक्ट्रियों में जाते हैं। फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण लोग सड़क पर चलने को मजबूर हैं।

इस कारण पैदल राहगीरों को हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। कुछ वर्ष पूर्व जब सड़क के किनारे नाले का निर्माण हुआ था तो अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाया गया था। लेकिन अब दोबारा से अतिक्रमण हो गया। यह प्रशासन की मिलीभगत के बगैर संभव नहीं है। बार-बार शिकायतों के बाद भी संबंधित एजेंसियां अतिक्रमण को नहीं हटा रही हैं। लोगों की मांग है कि सड़क से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button