हरियाणा

विवेकानंद विद्यालय में लोक नृत्य कार्यशाला सम्पन्न

टीम एक्शन इंडिया
सिरसा। हरियाणा कला परिषद के हिसार मंडल द्वारा प्रदत हरियाणवीं लोक नृत्य की 20 दिवसीय कार्यशाला का समापन हो गया है। समापन समारोह में हरियाणा कला परिषद हिसार मंडल के अतिरिक्त निदेशक राम निवास मुख्यातिथि थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि पूरे सिरसा जनपद में यदि हरियाणवीं संस्कृति व हरियाणवीं लोक गीत व नृत्य की अलख जगाने वाला कोई है तो वह तपोवन व तपस्थली विवेकानंद बाल मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है।

जोकि पिछले लगभग तीस वर्षों से राज्य ही नहीं अपितु राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है। हरियाली तीज पर राजभवन, चंडीगढ़ में तथा सुरजकु ण्ड मेले में प्रतिवर्ष विशेष रूप से अपने लोक नृत्य की प्रस्तुति देने हेतु इस विद्यालय के बच्चों को आमंत्रित किया जाता है जिसका सारा श्रेय राम सिंह यादव को जाता है।

उल्लेखनीय है कि लगभग 50 छात्राओं ने इस 20 दिवसीय लोक कला संवर्धन-2024 कार्यशाला में महम से आए नृत्य प्रशिक्षक भारत कुमार से हरियाणवीं नृत्य की बारीकियां समझी तथा सुबह से शाम तक नृत्य का बड़े मनोयोग से अभ्यास करवाया। उनके साथ मनीष कुमार, सुभाष चन्द्र व विजय कुमार संगीतज्ञ भी थे। इससे पहले कार्यक्रम का आरंभ माँ सरस्वती के समक्ष मुख्यातिथि ने दीप प्रज्जवलित कर किया।

तत्पश्चात विद्यालय के अध्यक्ष राम सिंह यादव ने मुख्यातिथि हरियाणा कला परिषद हिसार मंडल के अतिरिक्त निदेशक राम निवास, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से डा. महेन्द्र कुमार व कला परिषद के रविन्द्र कुमार का स्वागत किया और कार्यशाला की गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। भारतीय संस्कृति के सोलह संस्कार की तरह हरियाणवीं लोक नृत्य में षोडस् (सोलह) श्रृंगार पर भी चर्चा की।

तीसरी कक्षा से पांचवीं कक्षा तक की लड़कियां जिन्होंने इस कार्यशाला में नृत्य सीखा था उन्होंने अपने नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी जिसके बोल थे ‘बावन गज के दामण की’। इसके बाद नेहा ने एकल नृत्य ‘मैं जागूं सूं मेरे पिया, तन्नै फौज मैं जाणा सै’ तथा अंत में छात्राओं के एक और दल ने अपनी नृत्य प्रस्तुति ‘चंदा बरगी शान रूप, का कर रह्या सै चाला’ दी।

नृत्यों की इन प्रस्तुतियों पर जहां दर्शक थिरकने लगे वहीं मुख्यातिथि ने इन बच्चों के नृत्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा दी गई कार्यशाला को सार्थक बताया।

समापन समारोह में विद्यालय के सचिव विवेक यादव, प्रबंध निदेशक सर्वोत्तम शर्मा, संस्कार भारती के जयंत शर्मा, इतिहास संकलन समिति के गंगाधर वर्मा, सुभाष शर्मा सहित अन्य अतिथिगण व विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। मंच संचालन शिक्षक राहुल ने किया। समारोह के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या अनीता यादव ने कार्यशाला के अपने अनुभव सांझा किए व सभी का हृदय से धन्यवाद किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button