हरियाणा

बिखरी हुई कांग्रेस भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है : डा. सतीश पूनिया

टीम एक्शन इंडिया
चंडीगढ़/दीपिका शर्मा
भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा है कि बिखरी हुई कांग्रेस हरियाणा में भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। हरियाणा का वर्षों का इतिहास एंटी कांग्रेस रहा है। वैचारिक दृष्टि से हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को बहुत अरसे से खारिज किया हुआ है और जनता आज भी उस पर कायम है। श्री पूनिया ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी ने मुझे 22 दिन पहले हरियाणा की जिम्मेदारी दी थी, उम्मीदवारों का चयन हो चुका था। इतने कम समय में मैने अपनी क्षमता के हिसाब से पार्टी को विजयी बनाने के लिए जो करना था, वह करके दिखाया।

श्री पूनिया ने कहा जब उन्होंने लोकसभा चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली तब हरियाणा में विपक्ष द्वारा ऐसा माहौल तैयार किया गया था कि भाजपा की कोई सीट नहीं आएगी या फिर दो सीटों पर सिमट जाएगी। श्री पूनिया ने कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रतिकूलता और नकारात्मक नेरेटिव के होते हुए भी भाजपा को पांच सीटें दी। लोकसभा चुनाव में विपक्ष द्वारा गढ़ी गई नकारात्मक चुनौती के मध्य पांच सीटें जीतने का श्रेय श्री पूनिया ने हरियाणा की जनता के साथ-साथ कार्यकर्ताओं और नेताओं की एकजुटता को दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में पिछले 10 वर्षों में देश में जो बदलाव हुए हैं उसका असर हरियाणा में भी देखने को मिला है।

नीतिगत तौर पर जो नीतियां लागू हुई उसका धरातल पर लाभ हरियाणा को मिला है। केंद्र की योजनाओं में हरियाणा की रैकिंग बेहतर रही है। श्री पूनिया ने कहा कि हरियाणा में भ्रष्टाचार की चर्चा सड़कों पर होती थी, लेकिन 2014 के बाद भाजपा सरकार ने हरियाणा से भ्रष्टाचार के कलंक को मिटाया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button