हरियाणा

हरियाणा का डबल इंजन खटारा, नए इंजन की जरूरत: भगवंत मान

टीम एक्शन इंडिया
सोनीपत, संजीव कौशिक।।
आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता सरदार भगवंत मान ने रविवार को सोनीपत में बदलाव जनसभा को संबोधित कर हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल के लिए प्रदेश की जनता का समर्थन मांगा। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष बीके कौशिक, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष रजनीश जैन, नवीन गौड, देवेंद्र गौतम, राजेश सरोहा मुख्य तौर पर मौजूद रहे। पंजाब के हरमन प्यारे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हरियाणा और पंजाब की सीमा एक साथ लगती है, हम एक ही पानी पीते हैं। हमारे दुख सुख सांझे है, हमारी फसलें, मुसीबतें और रिश्तेदारियां सांझी है। अगर नेताओं की नियत साफ है तो बहुत कुछ हो सकता है।

आप अपने पंजाब के रिश्तेदारों से पूछ सकते हो, पंजाब में 43 हजार पक्की नौकरी देकर आपके सामने खड़ा हूं। किसी का भी एक रुपया लगा हो, किसी ने इसके बदले चाय ही पी हो तो आप पूछ सकते हो। एक घर में तीन तीन नौकरियां भी मिली हैं। उन्होंने कहा हिसार के सिवानी मंडी में जन्माष्टमी के दिन जन्मे एक बच्चे ने पढ़ाई लिखाई कर अफसर की नौकरी ली। फिर लोगों की सेवा के लिए नौकरी छोड़कर आम आदमी पार्टी बनाई और दिल्ली का तीन बार मुख्यमंत्री बन गया। ऐसा है हरियाणा का लाल, केजरीवाल।

केजरीवाल साहब ने काम की राजनीति की है, नाम की नहीं की। कोई पार्टी आपको आकर बोलती है? स्कूल बनाएंगे, अस्पताल बनाएंगे। बिजली फ्री कर देंगे। कोई भी पार्टी नहीं कहती है राशन घर पर देंगे। उन्होंने कहा पहले भी आप लोगों ने दूसरी जगह वोट देकर देख ली। इस बार हमें वोट देकर देखिए। हरियाणा में पिछले 75 साल से इन्होंने लोगों की परेशानी बढ़ाने का काम किया।

कांग्रेस और बीजेपी और दूसरी पार्टियां पांच साल, 10 साल ऐसे करके लोगों को लूटते आए हैं। इन्होंने हमारी तीन पीढ़ियों को खत्म करने का काम किया। ये हमारा बचपन खा गए, जवानी खा गए और बुढ़ापा खा गए। इस बार हमें मौका देकर देख लो। दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी बदलाव लाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली में कोई पुलिस का जवान, फौजी का जवान शहीद होने पर एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देते हैं। आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले ही शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपए देने की शुरूआत की। हमारे पास ईमानदारी और सच्चाई है। ये दूसरी पार्टियों वाले पैसे लेकर आएंगे, मना मत करना।

लेकिन, चुनाव के दिन झाड़ू का बटन दबाने का काम करें। उन्होंने कहा हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस को कई बारी मौका दिया, भाजपा को कई बार मौका दिया, इनेलो को मौका दिया। लेकिन कुछ नहीं सुधरा। पंजाब में 2022 में हमें एक मौका दिया, 117 में से 92 सीटें जीती। पंजाब में और दिल्ली में स्कूल और अस्पताल अच्छे हो सकते हैं तो हरियाणा में भी हो सकते हैं। हरियाणा को डबल इंजन की नहीं नए इंजन की जरूरत है। हरियाणा का डबल इंजन खटारा है, इसलिए खट्टर साहब को बदला। अब तुम नायब सिंह को बदल देना।

उन्होंने कहा कि चाहे आप लोग अपने रिश्तेदारों को फोन कर पूछ लो, पंजाब में 90 प्रतिशत घरों में बिजली का बिल जीरो आता है। दो साल हो चुके हैं। दिल्ली में भी बिजली फ्री मिल रही है। हरियाणा में फ्री क्यों नहीं हो सकती? अपने बच्चों को पढ़ाने का काम करो। कोई नीला और पीला कार्ड आपकी गरीबी दूर नहीं करेगा, आप के बच्चे पढ़ लिखकर अफसर बनकर गरीबी दूर करेंगे। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में सरकारी स्कूलों को सुधार दिया, अब हरियाणा की बारी है।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button