
होला मोहल्ला 2026 की शुरुआत: पातालपुरी साहिब में अखंड पाठ, रंगों पर रोक; 4 मार्च को भव्य नगर कीर्तन
कीरतपुर साहिब (पंजाब)
खालसा पंथ की चढ़दी कलां के प्रतीक राष्ट्रीय पर्व होला मोहल्ला का शुभारंभ आज कीरतपुर साहिब स्थित गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ श्रद्धापूर्वक किया गया। बोले सो निहाल के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और संगत गुरु की भक्ति में लीन दिखाई दी। इस अवसर पर तख्त श्री केशगढ़ साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई जोगिंदर सिंह ने अरदास करते हुए सरबत के भले की कामना की। उन्होंने संगत को इस पावन पर्व के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
समारोह में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने गुरु साहिब द्वारा प्रदान किए गए इस पवित्र पर्व को श्रद्धा, अनुशासन और समर्पण भाव से मनाने की अपील की। इस दौरान श्री अखंड पाठ साहिब का विधिवत आरंभ किया गया तथा श्री जपुजी साहिब का पाठ भी श्रद्धा भाव से किया गया। गुर सेवा में प्रबंधक कमेटी के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे, वहीं विभिन्न संत संप्रदायों की सम्मानित हस्तियों ने भी गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर कुलवंत सिंह, मलकीत सिंह, अमरजीत सिंह चावला, हरप्रीत सिंह, अमरजीत सिंह जिंदवड़ी, तलविंदर सिंह, गुरजीत सिंह, बलजिंदर सिंह, चंचल सिंह, दिलबाग सिंह और सुरिंदर सिंह राजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। होला मोहल्ला के शुभारंभ के साथ कीरतपुर साहिब में आध्यात्मिक वातावरण और अधिक प्रफुल्लित हो गया है तथा आने वाले दिनों में होने वाले धार्मिक आयोजनों को लेकर संगतों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। दूसरे चरण की शुरुआत दो मार्च से श्री आनंदपुर साहिब में होगी, जिसका समापन 4 मार्च को विशाल नगर कीर्तन के साथ होगा।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से भव्य नगर कीर्तन सजाया जाएगा। निहंग सिंह जत्थेबंदियां महल्लों के रूप में नगर कीर्तन को चरण गंगा स्टेडियम तक ले जाएंगी। इस दौरान घुड़सवारी, तीरंदाजी और गतका सहित पारंपरिक युद्ध कौशल की रोचक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। गुरुद्वारों में कीर्तन, ढाडी व रागी जत्थों द्वारा गुरु महिमा का गायन होगा और लंगर की व्यवस्था रहेगी।
श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए पातालपुरी साहिब के निकट तीन टेंट सिटी बनाई गई हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और श्रद्धालुओं का सड़क दुर्घटना बीमा भी कराया गया है। जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने रंगों के साथ खेलने व बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध की अपील की है। पुलिस ने मेले को सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व यातायात प्रबंध सुदृढ़ किए हैं।

