हरियाणा

मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में पूर्व विधायक समेत सैंकड़ों इनेलो नेता व कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल

चंडीगढ़ ।                                                                                                                                              विपक्ष के नेताओं और कार्यकतार्ओं का अपनी-अपनी पार्टियां छोड़कर भाजपा में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को भी पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं का स्वागत किया। सीएम सैनी ने पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। सदस्यता ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने श्याम सिंह राणा को अपना घनिष्ठ मित्र बताया और कहा कि सभी नए साथियों को भाजपा में पूरा मान और सम्मान मिलेगा।

यहां श्री सैनी ने कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 में कांग्रेस के भ्रष्टाचार से परेशान होकर जनता ने कांग्रेस शासन को उखाड फेंका था। पूर्व सीएम हुड्डा पर भी सीएम सैनी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब को पोर्टल के कारण पेट में दर्द हो रहा है। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार और भेदभाव होता था। कांग्रेस शासनकाल में गरीब घर का युवा सरकारी नौकरी के बारे में सोच भी नहीं सकता था। गैस के एक सिलेंडर के लिए तीन-तीन दिनों तक लाइन में लगना पड़ता था।

24 घंटे बिजली देने का वादा करके कांग्रेस पलट जाती थी। सीएम सैनी ने कहा कि 2014 में जनता ने कांग्रेस के कुशासन से तंग आकर भाजपा को सत्ता सौंपी। भाजपा सरकार ने पारदर्शी और ईमानदारी से शासन चलाया। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी दी। 24 घंटे बिजली देने का वादा भाजपा ने पूरा किया और आज गांवों में भी 24 घंटे बिजली आ रही है। गैस सिलेंडर घर-घर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के समय से चले आ रहे भेदभाव को भाजपा ने पूरे प्रदेश में समान रूप से काम करके समाप्त किया।

कांग्रेस को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के लोग भ्रष्टाचार करने के लिए वोट मांगते हैं। जहां-जहां भी कांग्रेस की सरकार बनती है वहां भ्रष्टाचार की गति तेज हो जाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा भाजपा को पोर्टल की सरकार बताते हैं। श्री सैनी ने तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा साहब को पोर्टल के कारण पेट में दर्द हो रहा है कि पोर्टल के जरिए लोगों को सीधा लाभ कैसे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हुड्डा कभी नहीं चाहेंगे कि लोगों को सीधा लाभ मिल सकें, इसलिए वे पोर्टल को खत्म करने की बातें बार-बार करते हैं।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button