ग्राम डोड़की में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान

धमतरी। एएनएन (Action News Network)
धमतरी शहर से छह किलोमीटर दूर ग्राम डोड़की में पति-पत्नी ने घर में फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। मौत का कारण अज्ञात है। अर्जुनी थाना से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डोंड़की निवासी युवक लालचंद महिलांगे उम्र 25 वर्ष व उनकी पत्नी शोभा बाई 20 वर्ष ने सोमवार देर रात अज्ञात कारणों के चलते घर के म्यार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की खबर के बाद मौके पर पहुंचकर अर्जुनी पुलिस ने जांच पड़ताल की। पंचनामा के बाद मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों ने बताया कि मृतिका धमतरी की टिकरापारा निवासी है। छह माह पहले दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते भागकर शादी की थी। लोगों ने बताया कि दोनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। बैंक से कर्ज निकालने की प्रक्रिया में जुटे थे। अर्जुनी थाना प्रभारी उमेन्द्र टण्डन ने बताया कि मौत का कारण अभी अज्ञात है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में बताया जा सकेगा।