
चुनाव से पहले सतपाल से दो बार मिला, इज्जत के साथ कर देंगे विदा : बड़ौली
टीम एक्शन इंडिया
गन्नौर: सोनीपत लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली ने गुरुवार को गन्नौर विधानसभा में कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी के पद पर रह कर जिन्होंने पार्टी के खिलाफ काम किया है समय आने पर उन पर पार्टी द्वारा संज्ञान लिया जाएगा। उनके पास एक विधायक पति की आडियो भी मिली है, लेकिन अभी उसकी पुष्टि नहीं हुई है।
मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी के जिन भी पदाधिकारियों ने विरोध किया है उससे उनकी वोट घटे नहीं बल्की और बढ़े हैं। सोनीपत लोकसभा से भाजपा पिछली बार से अधिक मतों से जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी पर मोहन लाल ने कहा कि वह कांग्रेस से टिकट मिलने से पहले दो बार सतपाल ब्रह्मचारी से मिले थे। चुनाव के दौरान उनकी सतपाल ब्रह्चारी से कोई मुलाकात नहीं हुई।
मतों की गिनती के दिन उनसे मुलाकात होगी। जिसमें वह सतपाल ब्राह्मचारी से आशीर्वाद लेंगे और चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें चद्दर ओढ़ाकर विदा कर देंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, देवेंद्र कादियान सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।