राष्ट्रीय

आतंकवाद के मुद्दे पर भारत ने UN में पाकिस्तान को लताड़ा, भारत की बेटी रुचिरा कंबोज को जानिए

नई दिल्ली

आतंकवाद के मुद्दे पर भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को लताड़ लगाई है। बॉर्डर पार आतंकवाद की वजह से भारत को होने वाले भारी नुकसान का जिक्र करते हुए संयुक्त राष्ट्र (UN) में भारतीय राजदूत ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना उसे आईना दिखाया। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने शुक्रवार को कहा कि आतंकवादी समूह सीमा पार से ड्रोन का उपयोग कर अवैध हथियारों की तस्करी करते हैं। रुचिरा कंबोज ने सुरक्षा परिषद में 'स्मॉल आर्म्स' पर बहस के दौरान यह टिप्पणी की। कंबोज ने कहा कई दशकों तक आतंकवाद के संकट से जूझने के बाद भारत आतंकवादियों की ओर से छोटे हथियारों व गोला-बारूद की तस्करी के खतरे से भलीभांति अवगत हो चुका है।

रुचिरा कंबोज ने कहा कि इन आतंकवादी संगठनों के पास हथियारों की मात्रा और उनकी गुणवत्ता में वृद्धि हमें बार-बार याद दिलाती है कि वे दूसरे देश के समर्थन के बिना अस्तित्व में रह ही नहीं सकते। रुचिरा कंबोज ने अक्टूबर के महीने में भी इसी साल पाकिस्तान की जमकर क्लास लगाई थी। कश्मीर का मसला उठाने पर पाकिस्तान को जमकर खरी खोटी सुनाई। इसी साल अगस्त महीने में रुचिरा कंबोज ने संयुक्त राष्ट्र में भारत की नई स्थायी प्रतिनिधि के रूप में अपना कार्यभार संभाला था। वह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भारत की पहली महिला राजदूत हैं।

कौन हैं रुचिरा कंबोज
रुचिरा कंबोज 1987 बैच की भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी हैं। रुचिरा कंबोज अपने बैच की टॉपर थीं। पेरिस में अपनी राजनयिक यात्रा शुरू की जहां उन्हें 1989-1991 तक फ्रांस में भारतीय दूतावास में तीसरे सचिव के रूप में तैनात किया। वह इससे पहले भूटान में भारत की राजदूत और दक्षिण अफ्रीका में भारत की उच्चायुक्त के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। 1991-96 तक विदेश मंत्रालय के यूरोप वेस्ट डिवीजन में अवर सचिव के रूप में काम किया। उसके बाद वह 1996-1999 तक मॉरीशस में प्रथम सचिव (आर्थिक और वाणिज्यिक) और पोर्ट लुइस में भारतीय उच्चायोग में चांसरी के प्रमुख के रूप में काम किया।

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भारत की पहली महिला राजदूत होने के साथ ही वह भूटान में भारत की पहली महिला राजदूत भी रह चुकी हैं। रुचिरा ने दक्षिण अफ्रीका में भारत की उच्चायुक्त के रूप में सेवाएं दी हैं। वह यूनेस्को में भारत की राजदूत/स्थायी प्रतिनिधि के रूप में काम कर चुकी हैं।

यूपी से है रुचिका का खास नाता
रुचिरा कंबोज का जन्‍म 3 मई 1964 में यूपी की राजधानी लखनऊ में हुआ था। रुचिका की शादी बिजनेसमैन दिवाकर कंबोज से हुई। उनकी एक बेटी है। रुच‍िरा के पिता भारतीय सेना में अधिकारी थे। वहीं मां दिल्ली विश्वविद्यालय से संस्कृत में प्रोफेसर के पद से रिटायर हो चुकी हैं। रुचिरा तीन भाषाएं हिंदी, अंग्रेजी और फ्रेंच जानती हैं। समय-समय पर उनके लेख अलग-अलग समाचार पत्रों में छपते रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button