अन्य राज्यमध्य प्रदेश

इंदौर मेट्रो आज से भरेगी रफ्तार, ₹20 से ₹80 में करें लग्जरी सफर; एक्सटेंडेड रूट शुरू

इंदौर 
 मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लिए आज का दिन बेहद खास है. शनिवार को यहां मेट्रो की विस्तारित सेवा का शुभारंभ होने जा रहा है. आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे. इंदौर मेट्रो की विस्तारित सेवा आज से इंदौर के गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहा तक शुरू हो जाएगी. आज औपचारिक उद्घाटन के बाद 6 सितंबर 2026 से यह सेवा आम यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। 

इसके साथ ही यात्रियों को गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहा तक निर्बाध मेट्रो यात्रा की सुविधा मिलेगी. मेट्रो की पहली ट्रेन दोनों छोरों से प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे रवाना होगी, जबकि अंतिम ट्रेन शाम 7:00 बजे प्रस्थान करेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए हर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेन उपलब्ध रहेगी तथा प्रतिदिन 80 से अधिक फेरे संचालित किए जाएंगे। 

लगभग 17 किलोमीटर तक हुआ मेट्रो एक्सटेंशन
वर्तमान में इंदौर मेट्रो का संचालन गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक लगभग 6 किलोमीटर के मार्ग पर किया जा रहा है. सेवा विस्तार के बाद अब मेट्रो गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहा तक लगभग 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर संचालित होगी. विस्तारित कॉरिडोर में कुल 16 स्टेशनों से यात्रियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे शहर के प्रमुख व्यावसायिक व आवासीय क्षेत्रों के बीच यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी। 

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता
इंदौर मेट्रो की आधुनिक, पूर्णतः वातानुकूलित ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगी. सभी स्टेशनों पर डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा व्यवस्था, एस्केलेटर, लिफ्ट तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध हैं. यह परियोजना पर्यावरण-अनुकूल, सुरक्षित एवं समयबद्ध सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 

डिजिटल टिकटिंग से होगी स्मार्ट और कैशलेस यात्रा
यात्रियों की सुविधा के लिए इंदौर मेट्रो में ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) प्रणाली पहले से संचालित है. यात्री एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट प्राप्त कर सकते हैं और यूपीआई, क्यूआर कोड, ई-वॉलेट व मोबाइल ऐप के जरिए कैशलेस भुगतान कर सहज व सुरक्षित यात्रा का लाभ उठा सकते हैं.

रिटर्न, ग्रुप टिकट एवं ई-वॉलेट रिचार्ज पर विशेष लाभ
यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए एमपीएमआरसीएल द्वारा आकर्षक प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी लागू की गई है. इसके तहत रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत व ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. वहीं, मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर रिचार्ज राशि के अनुसार 8 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक बोनस मिलेगा. ₹200–499 के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, ₹500–999 पर 10 प्रतिशत, ₹1000–1499 पर 12 प्रतिशत और ₹1500–2000 के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस प्रदान किया जाएगा। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button