
इंडिया गेट पर अगले दो दिन होगा जलियांवाला बाग और शहीद उधम सिंह का मंचन
टीम एक्शन इंडिया/नई दिल्ली
राजधानी में इंडिया गेट पर 15 अप्रैल को जलियांवाला बाग और 16 अप्रैल को शहीद ऊधम सिंह के बलिदान का मंचन किया जाएगा। सेंट्रल विस्टा पर दोनों दिन सायंकाल 7 बजे से राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय की पहल पर स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ की कड़ी में कलांजलि महोत्सव के अन्तर्गत किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय अपने समारोह आजादी का अमृत महोत्सव- 22 वां भारत रंग महोत्सव (आजादी श्रृंखला) के अन्तर्गत स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर रहा है। इसी क्रम में जलियांवाला बाग और शहीद ऊधम सिंह आजाद का मंचन अमृतसर में हो चुका है, जिसे दर्शकों की बहुत सराहना मिली थी। इसके बाद इन्हें दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। जलियांवाला बाग का नाट्य मिस्टिक एक्ट (मुंबई) ने तैयार किया है, जिसके निर्देशक अशोक बांठिया हैं। शहीद ऊधम सिंह आजाद का निर्देशन सुदेश शर्मा ने किया है। इसका मंचन चंडीगढ़ के थिएटर फॉर थिएटर के कलाकारों द्वारा किया जाएगा। यह एक ऐतिहासिक तथ्य है कि 13 अप्रैल, 1919 की तारीख ने स्वतंत्रता के आन्दोलन को एक ज्वाला में बदल दिया था। उस साल बैसाखी के दिन अमृतसर के जलियांवाला बाग में वह घटना हुई, जिसे आज भी पढ़कर और सुनकर हर व्यक्ति का दिल सिहर उठता है। ऊधम सिंह इस हत्याकांड के चश्मदीद थे।
इस हत्याकांड का बदला लेने के लिए उन्होंने इसी जगह पर (जलियांवाला बाग में) जनरल डायर को मारने की प्रतिज्ञा ली थी और 13 मार्च,1940 को लन्दन में उन्होंने यह प्रतीज्ञा पूरी की। 1 घंटा 10 मिनट की अवधि वाले दोनों नाटक एक-दूसरे के पूरक हैं।