अन्य राज्यबिहार

छत्तीसगढ़ में दिखेगी झारखंडी कला, ‘रमन लोक कला महोत्सव’ में मानभूम छऊ की धूम

सरायकेला.

संस्था आचार्य छौ नृत्य विचित्र के सह-निदेशक और छऊ नृत्य विशेषज्ञ रंजीत आचार्य के नेतृत्व में झारखंड के मानभूम छऊ नृत्य दल छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय में आयोजित रमन लोक कला महोत्सव 2026 में छऊ नृत्य की प्रस्तुति देगा. यह महोत्सव तीन दिवसीय है, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध रचनाकार, संगीतकार, नृत्य विशेषज्ञ और कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं.

महोत्सव की थीम ‘लोक में राम’ रखी गयी है
रंजीत आचार्य ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लोक में राम’ रखी गयी है. तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन वे अपने मानभूम छऊ नृत्य दल के साथ छऊ नृत्य की प्रस्तुति देंगे. इससे पूर्व वे सरायकेला और मनभूम दोनों छऊ शैलियों पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों व विद्यार्थियों के समक्ष संगोष्ठी में अपने विचार साझा करेंगे. लेक्चर-डेमोंस्ट्रेशन के बाद शाम छह बजे छऊ नृत्य की मंचीय प्रस्तुति होगी.

बीते कई वर्षों से हो रहा है लोक कला महोत्सव का आयोजन
रंजीत आचार्य ने बताया कि रमन लोक कला महोत्सव का आयोजन पिछले कई वर्षों से किया जा रहा है, जहां केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से लोक कलाकारों को मंच प्रदान किया जाता है. साथ ही उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलाकारों को आमंत्रित किया जाता है. मनभूम छऊ नृत्य दल में प्रभात महतो, जय राम महतो, जतला कालिंदी, लखविंदर को, सीताराम महतो, स्वर्ण को, पी. मंटू महतो, कार्तिक महतो, दिनेश महतो, मनोहर कालिंदी, विकास कुमार सहित कुल 12 सदस्य शामिल हैं.

डॉ. सीवी रमन प्रमुख विश्वविद्यालय में से एक
बताया गया कि बिलासपुर स्थित डॉ सीवी रमन विश्वविद्यालय देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों में से एक है. विश्वविद्यालय के कुल सचिव के निमंत्रण पर रंजीत आचार्य व उनका दल इस प्रतिष्ठित लोक कला महोत्सव में अपनी प्रस्तुति दे रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button