हरियाणा

देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को मिले इंसाफ: हुड्डा

टीम एक्शन इंडिया/गुरुग्राम
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को इंसाफ मिलना चाहिए। जंतर-मंतर पर धरना दे रहे खिलाड़ियों ने कुश्ती महासंघ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इनकी निष्पक्षता के साथ जांच जरूरी है। यह बात उन्होंने बुधवार को यहां मीडिया से बातचीत में कही। वे यहां पूर्व मंत्री राव धर्मपाल की दूसरी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राव धर्मपाल एक कर्मयोगी थे। उनका पूरा जीवन देश व समाज को समर्पित रहा। एक जनप्रतिनिधि, विधायक और मंत्री के तौर पर उन्होंने हरियाणा खासकर गुरुग्राम के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वो अपने पीछे जो रिक्त स्थान छोड़कर गए हैं, उसकी भरपाई करना मुश्किल है। गुरुग्राम में हुड्डा ने भाजपा छोड़कर आए, कई नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करवाई। इनमें प्रमुख रूप से सुभाष पांचाल (भाजपा जिला उपाध्यक्ष, फरीदाबाद), अनिल (भाजपा ब्लॉक समिति सदस्य), अमित (भाजपा मंडल अध्यक्ष, पानीपत) आदि शामिल हैं। सभी ने कांग्रेस की नीतियों और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में आस्था व्यक्त की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सभी का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया और पार्टी में पूर्ण मान-सम्मान का भरोसा दिलाया।
खाप पंचायत प्रतिनिधि खिलाड़ियों को समथर्न देने दिल्ली पहुंचे: किसान संगठनों व खाप प्रतिनिधियों ने खरखौदा सोनीपत में सेंकड़ों की संख्या में बुधवार को इकट्ठे होकर जंतर-मंतर की तरफ पहुंचे और धरनारत पहलवानों को अपना समर्थन दिया। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने जंतर-मंतर पर बुधवार कहा कि मोदी सरकार एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है लेकिन देश की बेटियों को राजनेताओं से बचाने की जरूरत है। जब पहलवान मैडल जीतते हैं तो पूरे देश का मान-सम्मान बढ़ाते हैं। इनके प्रदर्शन को जाति व क्षेत्र विशेष का रंग देने का प्रयास भाजपा द्वारा किया जा रहा है। बहुत जल्दी एसकेएम गैर-राजनीतिक के हरियाणा-पंजाब चैप्टर की मीटिंग करके पहलवानों के समर्थन में बड़ा फैसला लिया जाएगा और आवश्यकता पड़ी तो वे जंतर-मंतर पर पहलवानों के साथ पक्का मोर्चा लगाने को तैयार हैं। सरोहा खाप प्रधान सतीश सरोहा, राजबीर माजरा, दहिया खाप से रविंद्र दहिया, शमशेर दहिया, अजित दहिया, फौगाट खाप से हरदीप फौगाट, इंदरजीत राणा, राजू, राजेन्द्र, प्रवीण दहिया, संजय खरेटा, रणबीर भुकर, वीरेंद्र खोखर प्रतिनिधि सदस्य शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button