
श्रद्धापूर्वक मनाया गया गुरु अर्जन देव का शहीदी दिवस
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: बाहरी उत्तरी दिल्ली के होलंबी खुर्द गांव स्थित श्री गुरु नानक देव जी गुरुद्वारे में गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। अलीपुर वार्ड से निगम पार्षद योगेश राणा ने गुरुद्वारे में पहुंचकर शीश नवाया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में शब्द कीर्तन किया गया और गुरुद्वारे के बाहर ठंडे मीठे पानी की छबील भी लगाई गई जिसमें दिन भर सड़क से गुजरने वाले वाहनों को रोककर ठंडा व मीठा पानी राहगीरों को पिलाकर उनकी प्यास बुझाई गई।
इस अवसर पर निगम पार्षद योगेश राणा ने कहा कि आज सिखों के पांचवे गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस मनाया जा रहा है। मुगल शासन के दौरान उन्होंने कई यातनाएं सही लेकिन सच्चाई का मार्ग कभी नहीं छोड़ा। वह सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने समाज से गुरु श्री अर्जुन देव जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेने की अपील की और कहा कि गुरु श्री अर्जुन देव जी ने सच्चाई, अहिंसा और करुणा से समाज को सशक्त बनाने का प्रयास किया। इस दौरान गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी शेर सिंह ने गुरु अर्जुन देव जी के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर सनी सिंह, हरजीत सिंह, अनिल सिंह, सोनू सिंह, गोविंद सिंह, रवि सिंह, बबली कौर, सुखदेव सिंह सहित सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।




