
मोकामा चुनाव ड्रामा: सूरजभान और अनंत सिंह की टक्कर, वीणा को RJD का सिंबल मिला!
पटना
बिहार में मोकामा सीट पर अनंत सिंह और सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी के बीच मुकाबला 100 फीसदी कन्फर्म हो गया है। लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मोकामा सीट से मुंगेर की पूर्व सांसद वीणा देवी को टिकट दे दिया है। सिंबल लेकर मोकामा के बाहुबली सूरजभान सिंह वीणा देवी का नामांकन कराने बाढ़ निकल गए हैं। मोकामा में पहले चरण में चुनाव है। नामांकन का आखिरी दिन कल है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के उम्मीदवार और बाढ़ के बाहुबली अनंत सिंह 14 अक्टूबर को पर्चा भर चुके हैं।
अनंत सिंह इस सीट से पहले पांच बार लगातार जीते हैं। 2022 में अनंत सिंह को एके 47 रखने के केस में जब सजा हुई तो विधायकी जाने के बाद उनकी पत्नी नीलम देवी उप-चुनाव जीती थीं। अनंत सिंह 2005 से 2010 तक तीन बार जेडीयू के टिकट पर जीते, 2015 में निर्दलीय जीत गए और 2020 में राजद के सिंबल पर जीते। 2022 में नीलम देवी राजद से ही जीती, लेकिन 2024 में नीतीश कुमार के बहुमत परीक्षण में सरकार के साथ चली गईं। विधानसभा के रिकॉर्ड में यह सीट राजद के ही खाते में दर्ज है।
दूसरी ओर, सूरजभान सिंह 2000 में मोकामा से पहली बार और आखिरी बार विधायक बने थे। तब उन्होंने अनंत सिंह के बड़े भाई दिलीप सिंह को बड़े अंतर से हराया था। दिलीप सिंह राजद के दबंग नेता और राबड़ी देवी की सरकार में कद्दावर मंत्री थे। 2004 में सूरजभान सिंह लोजपा के टिकट पर बलिया से लोकसभा सांसद बन गए। बाद में सजा हुई और चुनाव नहीं लड़ पाए तो 2014 में पत्नी वीणा देवी को मुंगेर से लोजपा का सांसद बनाया।