सड़क हादसे में मौत से आक्रोशित लोगों ने किया यातायात ठप

बेगूसराय। एक्शन इंडिया न्यूज़
बेगूसराय में भीषण कुहासा लगे होने के बावजूद सड़क पर तेज रफ्तार का कहर कम नहीं रहा है। शनिवार की सुबह भी अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई, इससे आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। घटना छौड़ाही सहायक थाना क्षेत्र के दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ के बरदाहा गांव के समीप की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी महेंद्र महतो के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह महेंद्र महतो सड़क किनारे होकर जा रहे थे। इसी दौरान बी.के. टेक्नीकल बरदाहा के समीप अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया। जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना से आक्रोशित लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर बरदाहा गांव के समीप रोसड़ा-हसनपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने, दोषी वाहन को पकड़ने तथा गति नियंत्रण के लिए आवश्यक ट्रैफिक व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं रहने के कारण बराबर हादसा होते रहता है।