मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कभी नहीं उठाई जूट श्रमिकों की आवाज : अर्जुन सिंह

रिसड़ा। एक्शन इंडिया न्यूज़
हुगली जिले के रिसड़ा के वेलिंगटन जूट मिल मैदान में शुक्रवार शाम भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक जनसभा आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंचे बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह ने ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अर्जुन सिंह ने कहा मुख्यमंत्री के रूप में ममता बनर्जी ने कभी भी जूट मिल श्रमिकों की आवाज नहीं उठाई है। ममता बनर्जी और उनके लोग कारखानों की जमीनों पर प्रमोटिंग का धंधा कर रहे हैं। बैरकपुर के सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर 550 आरटीआई किए लेकिन सरकार की ओर से उन्हें जवाब नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व अन्य भाजपा नेताओं को बाहरी बताने के मामले में अर्जुन सिंह ने ममता बनर्जी पर कटाक्ष किया और कहा कि वह मोदी और अमित शाह को बाहरी बताती हैं, लेकिन प्रशांत किशोर को कभी भी बाहर ही नहीं कहती। रोहिंग्याओं को बंगाल में बसाने को लेकर भी बैरकपुर के सांसद ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार के लोगों ने वक्फ बोर्ड की जमीनें बेच दी हैं। वक्फ बोर्ड की जमीनों को बेचे जाने में सीधे-सीधे ममता बनर्जी के भतीजे का हाथ है। अर्जुन सिंह ने ममता सरकार पर पुरोहित भत्ते के वितरण में भी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। अर्जुन सिंह ने दावा किया अभिषेक बनर्जी के घर कोयला चोरी के आरोपी विनय मिश्रा छुपे हुए हैं।
अल्केमिस्ट चिटफंड के कर्णधार के. डी. सिंह के बारे में अर्जुन सिंह ने कहा कि वर्ष 2011 के चुनाव में के डी सिंह के हवाई जहाज से ही पैसा आ और जा रहा था। अल्केमिस्ट चिटफंड के द्वारा लोगों से वसूले गए पैसों को भी चुनाव में ही खर्च किया गया है। उन्होंने दावा किया कि हिंदमोटर की जमीन को बेचने लिए भी के. डी. सिंह को ही माध्यम बनाया गया था। लेकिन आज ममता बनर्जी और उनका दल खुद को के. डी. सिंह से अलग बता रहा है। जनसभा के दौरान भाजपा के श्रीरामपुर सांगठनिक जिले के अध्यक्ष श्यामल घोष उपाध्यक्ष शशि सिंह सचिव राकेश चौधरी, रिसड़ा मंडल(01) के अध्यक्ष विजय पांडेय एवं अन्य ने भी मौजूद भीड़ को संबोधित किया। हिन्दुस्थान समाचार/धनंजय/गंगा