
सीवन नगर पालिका तोड़ने की मांग को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन
कैथल/टीम एक्शन इंडिया
गुरुवार को सीवन के राम आश्रम में नगर पालिका को समाप्त करने व पंचायती राज लागू करने की मांग को लेकर महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत के बाद इन्हीं मांगों को लेकर कस्बा में लोगों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। महापंचायत में 20 फरवरी से नगर पालिका परिसर में धरना शुरू करने का भी ऐलान किया गया। महापंचायत के बाद पंचायती राज लागू करने की मांग को लेकर कस्बा में प्रदर्शन किया गया। रोष प्रदर्शन की अध्यक्षता पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सरदार अमरेंद्र सिंह खारा ने की व मंच संचालन अमृतपाल ने किया। प्रदर्शन बीडीपीओ कार्यालय में बनी नगरपालिका पर जाकर समाप्त हुआ। अमरेंद्र सिंह खारा ने कहा कि सरकार ग्रामीणों की भावनाओं से खिलवाड़ करते हुए पंचायत नियम समाप्त कर नगर पालिका बना दी। जिससे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाऐगा। सीवन की जनता के हितों की रक्षा के लिए वे हर कुबार्नी देने को तैयार है और जब तक ग्रामीणों की मांग को पूरा करके नगर पालिका को भंग कर पंचायती राज लागू नहीं किया जाता उनका आंदोलन व संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सीवन को नगर पालिका का दर्जा देने से जहां सीवन में विकास कार्यों पर ब्रेक लग गई है। ग्रामीण कुलदीप राठी, विक्रम,सुंदर लाल प्रजापति, लालडी, वीरमती, बृजभूषण शर्मा, चांदी राम कश्यप, रामचंद्र कश्यप, सिंदो, बीरजो कश्यप सहित कई लोगों ने कहा कि सीवन की जनता को नगर पालिका किसी भी सूरत में मंजूर नहीं है। कुलवंत बाजीगर गुहला से पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने रामा आश्रम में चल रहे ग्रामीणों के धरने को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीणों की सीवन नगर पालिका भंग करने की मांग को मुख्यमंत्री मनोहर लाल को अवगत कराकर पूरा करवाने का भरसक प्रयास किया जाएगा।