पुलिस स्टेशन, सब्जी मंडी, एटीएम को किया गया सेनेटाइज
आर.एस. पुरा । एएनएन (Action News Network)
सात्विक निर्माण संस्था आर.एस. पुरा द्वारा सार्वजनिक स्थलों को सेनिटाइज करने का बीड़ा उठाया गया है। संस्था की तरफ से आर.एस. पुरा पुलिस स्टेशन, एसडीएम कार्यालय, सब्जी मंडी, एटीएम सहित प्रमुख चौराहों को बुधवार को सेनिटाइज किया गया।संस्था के प्रधान डॉ. करण भगत की अध्यक्षता में चल रहे इस सेनिटाइजेशन अभियान की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की है। भगत ने कहा कि उनकी संस्था द्वारा अभियान चलाया जा रहा है कि ‘कोरोना को हराना है’। उसी अभियान के तहत लगातार संस्था के सदस्यों द्वारा कस्बे को सेनिटाइज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कस्बे की सभी वार्ड को सेनिटाइज करने के बाद गांव-गांव में जाकर यह अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा विशेष मशीनें तैयार की गई हैं जो कम समय में अधिक से अधिक क्षेत्र को सेनिटाइज कर सकती हैं।उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिसके चलते उन्होंने फैसला लिया कि उनकी संस्था द्वारा इस काम को अंजाम दिया जाएगा। इस काम में जुटे संस्था के सदस्यों की भी प्रधान ने प्रशंसा की और कहा कि वह भी दिन रात इस काम में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि संस्था की तरफ से प्रवासी मजदूरों के लिए रोजाना लंगर की व्यवस्था भी की जा रही है।