![](https://actionindialive.com/wp-content/uploads/2024/06/20-karnal-8.jpg)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया हिंदू साम्राज्य दिवस
टीम एक्शन इंडिया
राजकुमार प्रिंस
करनाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माधव और केशव नगर में हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्यभिषेक की स्मृति में हिंदू साम्राज्य दिवस मनाया गया। आरएसएस हर साल शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी को यह दिवस मनाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को हिंदू साम्राज्य, संस्कृति, सभ्यता और सौहार्द के प्रति जागरूक करना है।
ओल्ड रमेश नगर में माधव शाखा संघस्थान आयोजित कार्यक्रम में माधव नगर संघ चालक सुभाष सचदेवा ने छात्रपति शिवाजी के जीवन के बारे में विस्तार से बताया।
साथ ही उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए अपने आचरण में अपनाकर देश हित में कार्य करने का आह्वान किया। वहीं केशव नगर में गोविंद शाखा संस्थान पर आयोजित कार्यक्रम में सह विभाग कार्यवाहक महेंद्र सिंह ने कहा कि जिस दिन शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ, उस दिन से हिंदू साम्राज्य की पुनर्स्थापना हुई।
उन्होंने कहा कि मात्र दो गांव के जमींदार शाहजी एवं माता जीजाबाई के पुत्र छत्रपति शिवाजी ने हिंदू साम्राज्य की स्थापना की। शिवाजी का लालन-पालन माता जीजाबाई एवं शिक्षा दादा कोंडदेव के संरक्षण में हुआ। वह अद्वितीय क्षमता और विद्वत्ता के धनी थे। उन्होंने निराशा भरे हिंदू समाज को जागृत कर मुगलों को परास्त किया। छह लाख वर्ग किलोमीटर भूमि को स्वाधीन करवाया।
उन्होंने योजना बनाकर कार्य किया, जिसके परिणाम स्वरूप 50 वर्षों में पूरा देश मुगलों से मुक्त हो गया था। हिंदू समाज छत्रपति शिवाजी का आजीवन ऋणी रहेगा। हम उनके कृत्यों से प्रेरणा लें, तभी हिंदू समाज अपने राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जा सकेगा। इस अवसर पर केशव नगर कार्यवाह श्याम सुंदर, माधव नगर कार्यवाह भारत भूषण, जिला प्रचार प्रमुख वीरपाल सिंह सहित पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवक मौजूद रहे।