
साठ साल पार के राशन डिपो होल्डर के लाइसेंस रद्द होने से राशन वितरण में आई रुकावट
टीम एक्शन इंडिया
चंडीगढ़: हरियाणा साथ साल की उम्र पार कर चुके 1300 राशन डिपो होल्डर के लाइसेंस रद्द किए जाने से न केवल ये डिपो होल्डर बेरोजगार हो गए है बल्कि इनके डिपो से राशन लेने वाले लोगो के सामने संकट खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा ने इस पर कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार गरीबों से उनका हक छीनने की हर संभव कोशिश में जुटी है।
इसलिए एक ही झटके में करीब 1300 डिपो संचालकों के लाइसेंस को रद्द कर दिया। ऐसा होने से राशन कार्ड धारकों के सामने तेल-अनाज का इंतजाम करना चुनौती बन गया है। एक साथ इतने लाइसेंस रद्द होने से लाखों गरीबों के सामने राशन को लेकर संकट खड़ा होने लगा है। इनके लाइसेंस तुरंत बहाल करने के साथ ही सभी 9300 डिपो धारकों का फरवरी से बकाया चल रहा गेहूं वितरण कमीशन भी जारी किया जाए।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में सस्ते राशन की दुकान के तौर पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 9300 लोगों का डिपो होल्डर लाइसेंस दिए हुए हैं। लेकिन, तुगलकी फरमान जारी करते हुए प्रदेश सरकार ने एक आदेश जारी कर 60 साल से अधिक उम्र वाले डिपो होल्डर के लाइसेंस खत्म कर दिए।
इसके विरोध में डिपो होल्डर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की शरण में पहुंच गए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हाई कोर्ट ने प्रदेश सरकार के आदेश पर 31 मार्च तक के लिए रोक लगा दी थी। इससे करीब 1300 डिपो होल्डर के सामने से तालाबंदी का संकट टल गया था।
लेकिन, 31 मार्च को हाई कोर्ट से मिली राहत की समय अवधि खत्म होने के बाद फिर से इनके लाइसेंस रद्द कर दिए गए। हरियाणा के इतिहास में यह पहला मौका है, जब एक ही झटके में करीब 1300 डिपो लाइसेंस खत्म हो गए। इन सभी लाइसेंस धारकों की उम्र 60 साल को पार कर चुकी है। कुमारी सैलजा ने कहा कि जिन डिपो के लाइसेंस रद्द हुए हैं, उन्हें अप्रैल महीने से राशन भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। जो लोग इनसे जुड़े हुए थे, वे राशन आने से संबंधित जानकारी एकत्रित करने के लिए बार-बार इनके पास पहुंच रहे हैं।