हरियाणा

बबीहा गैंग की धमकी के चलते कांग्रेस प्रत्याशी गोकुल की सुरक्षा बढ़ाई

टीम एक्शन इंडिया
सिरसा : सिरसा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गोकुल सेतिया को पंजाब के गैंगस्टर की धमकी के मद्देनजर पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई है। उनको 2 अतिरिक्त गनमैन दिए गए हैं। गोकुल सेतिया ने पंजाब के बंबीहा गैंग से अपनी जान को खतरा बताया था। इसके साथ ही डीएसपी ने पुलिसकर्मियों को सेतिया निवास के आसपास नियमित गश्त करने की भी हिदायत दी है। पुलिस विभाग द्वारा 2 अतिरिक्त गनमैन चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक अस्थायी तौर पर दिए गए हैं। गोकुल सेतिया को इससे पहले 3 गनमैन मिले हुए थे और अब इनकी संख्या 5 हो गई है।

गोकुल सेतिया का परिवार पुराना कांग्रेसी है। उनके नाना लक्ष्मण दास अरोड़ा कांग्रेस में थे और 5 बार विधायक रहे हैं। गोकुल सेतिया की मां सुनीता सेतिया 2014 में भाजपा के टिकट पर सिरसा से चुनाव लड़ चुकी हैं, मगर वह हार गई थीं। इसके बाद भाजपा से उनके व परिवार के रिश्ते बिगड़ गए और सेतिया परिवार ने भाजपा छोड़ दी थी।

गोकुल सेतिया यहां हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) प्रमुख गोपाल कांडा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। गोपाल कांडा को इनेलो-बसपा के अलावा भाजपा ने भी समर्थन दे रखा है।भाजपा ने गोकुल सेतिया की स्थिति मजबूत मानते हुए गोपाल कांडा के समर्थन में प्रत्याशी हटा लिया था। गोकुल सेतिया को करीब एक साल पहले धमकी मिली थी। विदेश से कॉल करने वाले ने अपने आप को नामी गैंगस्टर बताते हुए 1 करोड़ की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। गोकुल ने इसके बाद सिरसा एसपी को पूरे मामले की जानकारी दी थी और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी।

धमकी मिलने के बाद सिरसा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। एक साल पहले गोकुल सेतिया पर हमला करने की साजिश रच रहे 3 गुर्गों को सिरसा में पकड़ा था। इन गुर्गों को पंजाब की एंटी टास्क फोर्स ने सिरसा में दबिश देकर पकड़ा था। पूछताछ में इन्होंने गोकुल सेतिया को मारने के लिए सिरसा आने का खुलासा किया था।

पंजाब पुलिस ने यह जानकारी हरियाणा पुलिस से सांझा किया। इसके बाद सिरसा पुलिस ने इनपुट के आधार पर उसे तीन सुरक्षा कर्मचारी दे दिए थे।

कांग्रेस में शामिल होते ही उनके गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथ फोटो वायरल हुई थीं। गोल्डी के साथ गोकुल सेतिया के 5 फोटो वायरल हुए थे। इन फोटोज के वायरल होते ही गोकुल सेतिया ने सिरसा के विधायक गोपाल कांडा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि टिकट कटवाने के लिए ये सब किया जा रहा है। वह सिर्फ उनके साथ कॉलेज में पढ़े हैं। अब उनसे कोई लिंक नहीं हैं।

सेतिया ने गोल्डी बराड़ की केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्?टर के साथ भी फोटो दिखाई थी। जिस गोल्डी बराड़ के साथ सेतिया के फोटो वायरल हो रहे हैं वह पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर मामले में मास्टरमाइंड है। उसने ही मूसेवाला के कत्ल की पूरी साजिश को अंजाम दिलाया था। सरकार उसे आतंकी भी घोषित कर चुकी है।

सेतिया ने प्रदेश नेतृत्व को छोड़कर वाया पंजाब से नई दिल्ली का रास्ता चुनते हुए टिकट की मांग की थी। सूत्र बताते हैं कि गोकुल सेतिया पंजाब के कांग्रेस नेता एवं सांसद राजा वड़िंग के जरिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में थे। सेतिया की जॉइनिंग दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने कराई थी।

बंबीहा गैंग का सरगना पंजाब के मोगा जिले के बंबीहा गांव का रहने वाला दविंदर बंबीहा था। उसका असली नाम दविंदर सिंह सिद्धू था। जुर्म की दुनिया में आने से पहले वह एक मशहूर कबड्डी खिलाड़ी हुआ करता था। 2010 में जब वह कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था, तब उसका नाम एक कत्ल के मामले में सामने आया था। हत्या के मामले में दविंदर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जिसके बाद वो जेल में कई गैंगस्टरों के संपर्क में आया और फिर खतरनाक शार्प शूटर बन गया। लेकिन 9 सितंबर 2016 को बठिंडा जिले के रामपुरा के पास गिल कलां में दविंदर बंबीहा का पंजाब पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था।

बंबीहा पर 15 से ज्यादा केस दर्ज हुए, जिसमें 6 हत्या के थे। दविंदर के एनकाउंटर के बाद गौरव पटियाल उर्फ लकी और सुखप्रीत सिंह बुडाह ने गैंग की कमान संभाली। फिलहाल गौरव आर्मेनिया में बैठकर गैंग चला रहा है। जबकि सुखप्रीत सिंह बुहाड़ संगरूर जेल में बंद है। बंबीहा गैंग के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 300 से ज्यादा गैंगस्टर व शूटर हैं। बंबीहा गैंग ने दिल्ली हरियाणा के गैंगस्टर और लॉरेन्स के विरोधी सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया और नीरज बवाना के साथ हाथ मिला कर नेटवर्क को मजबूत किया है। इस गैंग का सबसे बड़ा दुश्मन लॉरेंस बिश्नोई गुट है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे को खत्म करने की बात कही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button