
हरियाणा में लगातार पांचवें दिन स्मॉग, 11 जिलों में येलो अलर्ट, देश के 22 प्रदूषित शहरों में आठ पर
हिसार.
हरियाणा में लगातार पांचवें दिन स्मॉग की वजह से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ी। शुक्रवार को हरियाणा के आठ समेत देश के 22 शहरों की हवा ज्यादा खराब श्रेणी में रही। 396 वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) के साथ देश में दिल्ली और हरियाणा में भिवानी में सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा। भिवानी में एक्यूआई 365 पहुंच गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार के लिए भी 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी में स्माग का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत जारी की गई है।
यह है देश के प्रदूषित शहर
दिल्ली : 396
हरियाणा का भिवानी : 365
उत्तर प्रदेश का हापुड़ : 355
उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद : 341
उत्तर प्रदेश का मुज्जफरनगर : 338
बिहार का हाजीपुर : 334
हरियाणा का बहादुरगढ़ : 330
हरियाणा का जींद : 329
उत्तर प्रदेश का मेरठ : 329
हरियाणा का रोहतक : 326
पश्चिम बंगाल का दुर्गापुर : 324
राजस्थान का भिवाड़ी : 322
हरियाणा का कैथल : 319
उत्तर प्रदेश का नोएडा : 316
हिमाचल प्रदेश का बद्दी : 311
चंडीगढ़ : 309
बिहार का सहरसा : 306
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर : 306
हरियाणा का करनाल : 306
हरियाणा का गुरुग्राम : 304
हरियाणा का सोनीपत : 304
मेघालय का ब्रिनहट : 302
धुंध के कारण हादसे में दो लोगों की मौत
गांव खरक पांडवा के पास चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग पर धुंध के कारण हुए हादसे में एक बुजुर्ग पुरुष व महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान चीका निवासी अग्रवाल सभा के प्रधान कस्तूरी लाल (67) और महिला शिक्षा देवी (63) के रूप में हुई। हादसे के दौरान क्रूजर में नौ महिलाएं और चालक सहित तीन पुरुष यात्रा कर रहे थे। इसमें दो की जान चली गई जबकि अन्य आठ यात्री जख्मी हो गए।
श्रद्धालुओं की गाड़ी हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई थी। पुलिस जांच अधिकारी रामजुआरी ने बताया कि सूचना मिलते ही कलायत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को कैथल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। कस्तूरी लाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि शिक्षा ने अस्पताल में जाकर दम तोड़ा। दुर्घटना बृहस्पतिवार-शुक्रवार की रात करीब एक बजकर 30 मिनट पर पहली गहरी धुंध के बीच हुई। पुलिस ने मृतक शिक्षा के बेटे मंडी व्यापारी विनोद कुमार की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 12 नवंबर को उनकी माता शिक्षा पड़ोसी श्रद्धालुओं के साथ पुष्कर मेले और श्री खाटू श्याम धाम की यात्रा के लिए रवाना हुई थी। घायल होने वाले श्रद्धालुओं में संतोष पुत्री पाला राम, निधि पुत्री सतीश, संतोष पत्नी बंसी लाल, कुसुम पत्नी कस्तुरी लाल, रानी पत्नी सुरेंद्र, सुरेंद्र पुत्र देशराज सिंगला, कस्तुरी लाल पुत्र ईश्वर, दिलशाद शामिल थे।