
Tata Intra EV पिकअप ट्रक 11.95 लाख रुपये में लॉन्च, 211 किमी की रेंज के साथ
मुंबई
वाहन निर्माता कंपनी Tata Motors ने भारतीय बाजार में अपनी इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल्स की लाइनअप में विस्तार करते हुए नए Tata Intra EV Pickup को लॉन्च किया है. इस पिकअप को कंपनी ने 11.95 लाख (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह नया इलेक्ट्रिक पिकअप ट्रक मौजूदा Tata Intra प्लेटफॉर्म पर ही आधारित है और इसमें एक खास EV पावरट्रेन का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कमर्शियल व्हीकल्स के क्षेत्र में एक टिकाऊ मोबिलिटी समाधान दिया जा सके. Tata Intra EV Pickup को पूरे देश में कंपनी के कमर्शियल गाड़ियों के डीलरशिप नेटवर्क के ज़रिए बेचा जाएगा।
बता दें कि Tata Intra EV Pickup एक छोटा कमर्शियल वाहन है, जिसे 'लास्ट-माइल' और शहर के अंदर माल ढुलाई के कामों के लिए डिज़ाइन किया गया है. कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार, इसकी पेलोड क्षमता 1,750 kg रखी गई है, और इसमें 10 फीट 2 इंच तक लंबे लोड बॉडी का विकल्प भी दिया गया है. इस वजह से यह ई-कॉमर्स, FMCG डिस्ट्रीब्यूशन, कोल्ड चेन लॉजिस्टिक्स और वेस्ट मैनेजमेंट जैसी सेवाओं में इस्तेमाल के लिए बेहद उपयुक्त है।
Tata Intra EV Pickup का पावरट्रेन
इस पिकअप में मिलने वाले पावरट्रेन की बात करें तो, इसमें 72 kW की इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है, जो 230 Nm का पीक टॉर्क प्रदान करती है. कंपनी का दावा है कि यह गाड़ी लोड के साथ 23 प्रतिशत तक की ग्रेडिबिलिटी (चढ़ाई चढ़ने की क्षमता) के लिए डिजाइन की गई है. इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर 28.2 kWh के बैटरी पैक से पावर लेती है, जिसे धूल और पानी से बचाव के लिए IP67-रेटिंग मिली है. इसकी मदद से, Intra EV एक बार चार्ज करने पर 211 km तक की रेंज दे सकती है।
इसमें CCS2 फ़ास्ट चार्जर से चार्जिंग का फीचर दिया गया है. कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार, इसे 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 55 मिनट का समय लगता है. इसकी बैटरी पर छह साल या 2 लाख किलोमीटर की वारंटी दी जा रही है।
Tata Intra EV Pickup के सेफ्टी फीचर्स
सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो, Tata Intra EV Pickup में एक इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम और तीन लेवल की रीजेनरेटिव ब्रेकिंग दी गई है. इससे इसकी एफिशिएंसी बेहतर होती है और इसकी रियल-वर्ल्ड रेंज बढ़ जाती है. इस गाड़ी में Tata Motors का Fleet Edge टेलीमैटिक्स सिस्टम भी दिया गया है, जो फ्लीट ऑपरेटर्स को रियल-टाइम ट्रैकिंग, गाड़ी की डायग्नोस्टिक्स और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस के बारे में डेटा प्रदान करता है।
Tata Intra EV Pickup का इंटीरियर
Intra EV पिकअप के केबिन की बात करें तो इसको इस्तेमाल में आसानी पर खास ध्यान देकर डिज़ाइन किया गया है, जिसमें वॉक-थ्रू लेआउट और इलेक्ट्रिक पावर-असिस्टेड स्टीयरिंग का फीचर दिया गया है. इसका इलेक्ट्रिक ड्राइवट्रेन, पारंपरिक डीज़ल से चलने वाले पिकअप की तुलना में NVH (शोर, कंपन और कठोरता) के स्तर को कम रखने में मदद करेगा।
Tata Motors का कहना है कि Tata Intra EV पिकअप को उसके बड़े EV इकोसिस्टम का सपोर्ट मिलेगा, जिसमें पूरे भारत में 25,000 से ज़्यादा चार्जिंग पॉइंट और 200 से ज़्यादा खास EV सर्विस सेंटर शामिल हैं. पार्टनर बैंकों और NBFCs के ज़रिए फाइनेंसिंग के विकल्प भी दिए जाएंगे।



