
शिक्षको के तबादले वापसी पर संघ ने सांसदोंका किया आभार
टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: 1 जुलाई की मध्य रात्रि को दस वर्षों से एक ही विद्यालय में कार्यरत 5006 शिक्षकों का तबादला कर दिया गया था। इस पर राजकीय विद्यालय शिक्षक संघ के महासचिव अजय वीर यादव ने दिल्ली के सांसदों से मुलाकात की और भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के समक्ष यह मुद्दा उठाया।
एलजी से बैठक हुई सार्थक: सांसद और भाजपा अध्यक्ष ने बीते रविवार की शाम को उपराज्यपाल दिल्ली से शिक्षक संघ के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करवाई। बैठक में उपराज्यपाल ने इस मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए पांच हजार शिक्षकों के तबादले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। महासचिव अजयवीर यादव के तर्क सुनकर तुरंत मुख्य सचिव दिल्ली को आदेश दिया और सभी 5006 शिक्षकों के तबादलों को वापस कराया।
शिक्षक संघ ने मनाया उत्सव: यह पांच हजार शिक्षकों, उनके परिजनों और सगे संबंधियों के लिए बड़ी राहत थी।
शिक्षक संघ ने इस फैसले को शिक्षकों के लिए एक बड़ी राहत मानते हुए एनडीएमसी कन्वेंशन हॉल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, लोकसभा सांसद योगेंद्र चंदोलिया, सांसद बांसुरी स्वराज और सांसद कमलजीत सहरावत का आभार व्यक्त करते हुए आभार उत्सव का आयोजन किया। इस आयोजन में सैकड़ों शिक्षकों ने हिस्सा लिया।




