दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में सुबह हुई कहीं तेज-कहीं कम बरसात

टीम एक्शन इंडिया
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और सीमावर्ती राज्य उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा, हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में आज सुबह कहीं तेज और कहीं कम बारिश हुई है। गाजियाबाद में सुबह करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुई बरसात ने मात्र 20-25 मिनट में कई इलाकों की प्रमुख सड़कों को जलमग्न कर दिया।

शालीमार गार्डन मेन में भारत माता चौक से दिल्ली के सीमापुरी डीटीसी बस डिपो तक का मार्ग लबालब हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूवार्नुमान के अनुसार आगामी पांच दिन 23 राज्यों में भारी बारिश होगी। इस बीच लगभग सारा देश मानसूनी बारिश से भीग रहा है। यह बारिश पहाड़ी और पूर्वोत्तर के राज्यों के नागरिकों के लिए आफत बन गई है।उत्तराखंड के जोशीमठ में भू-स्खलन की वजह से बंद बद्रीनाथ हाइवे 83 घंटे बाद खुल गया है। यहां लगभग 4500 यात्री जगह-जगह फंस गए थे।

बिहार में बिजली गिरने से पिछले 24 घंटे में 21 और लोगों की जान चली गई है। असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार तो हुआ है पर अभी भी 12 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। देश के 23 राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर अगले पांच दिन बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और विभाग ने रेड, आॅरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान मेघालय, गुजरात, कोंकण, गोवा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अच्छी बारिश हुई है। बिहार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर ठीक-ठीक बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, असम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजस्थान के नागौर जिले के परबतसार में सबसे अधिक 89 मिलीमीटर और धौलपुर जिले के सेपाउ में 65 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button