
जनआशीर्वाद से तीसरी बार भी खिलेगा हरियाणा में कमल : शर्मा
टीम एक्शन इंडिया
चंडीगढ़/जींद: भारतीय जनता पार्टी की जींद जिला की विस्तारित जिला कार्यकारिणी की बैठक भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष राजू मोर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में संगठन से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। वरिष्ठ नेता विजयपाल एडवोकेट ने कार्यकारिणी में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जिसका पूर्व विधायक कलिराम पटवारी ने अनुमोदन किया।
कार्यकारिणी को संगठन मंत्री और विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा ने भी संबोधित किया। कार्यकारिणी में केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर देश और प्रदेश की जनता का आभार जताया। संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत हासिल करने में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। विधानसभा चुनाव में समय कम रह गया है, इसलिए हम सबको बूथ स्तर पर कार्यकतार्ओं को तेजी से काम करना होगा। संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जीत का मंत्र दिया और तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुट जाने को कहा।
श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से आगामी कार्यों व योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यकतार्ओं को 75 दिन का जो टास्क संगठन की तरफ से दिया गया है उसको पूरा करने में दिन रात जुट जाएं।
श्री शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही भाजपा लगातार चुनाव जीतती आ रही है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी तथा नेता घर-घर जाकर मोदी और नायब सरकार की नीतियों का प्रचार करें।