
मनोहर लाल के कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
टीम एक्शन इंडिया
राजकुमार प्रिंस
करनाल। हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल को एनडीए सरकार में केबिनेट मंत्री बनाए जाने पर करनाल में कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। करनाल की निवर्तमान मेयर रेणु बाला गुप्ता की अगुवाई में कार्यकतार्ओं ने कमेटी चौक पर आतिशबाजी कर और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। यहां ठंडे मीठे जल की छबील भी लगाई गई। भाजपा के झंडे हाथों में लिए कार्यकर्ता ढोल की थाप पर नाचे।
इस मौके पर भाजपा जिला प्रधान योगेंंद्र राणा और पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि केंद्र में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनी है। नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर रिकार्ड कायम किया है। देश की जनता की अटूट आस्था नरेंद्र मोदी में हैं। ऐसे यशस्वी प्रधानमंत्री मिलना देन के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए मनोहर लाल ने 10 साल प्रदेश की जनता की सेवा की। अब करनाल की जनता ने उन्हें सांसद के तौर पर अपना आशीर्वाद दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनोहर लाल को केबिनेट मंत्री बनाकर हरियाणा की जनता का सम्मान बढ़ाया है। हरियाणा के विकास में मनोहर लाल बड़ी भूमिका अदा करेंगे। 20 सालों बाद करनाल सांसद को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली है।