
नई दिल्ली। एक्शन इंडिया न्यूज
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विश्वस्तरीय शहरों में दिल्ली को नंबर वन शहर बनाने के उद्देश्य से आज दिल्ली वालों के लिए एमसीडी में 10 गारंटी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एमसीडी में ‘‘आप’’ की सरकार बनने पर हम तीनों कूड़े के पहाड़ खत्म करेंगे और दिल्ली साफ-सुथरी होगी। एमसीडी में भ्रष्टाचार बंद होगा, पार्किंग की समस्या खत्म कर देंगे और सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। जैसे फेविकोल का जोड़ कभी नहीं टूटता है, वैसे ‘‘आप’’ की गारंटी नहीं टूटती है। हम जो कहते हैं, वो करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पहले ‘शपथ पत्र’ लेकर आई थी। फिर उसे कूड़े में फेंक दिया। अब ‘वचन पत्र’ लेकर आई है। इसे भी सात दिसंबर को नतीजों के बाद कूड़े में फेंक देगी। भाजपा ने कहा था कि कूड़े के पहाड़ खत्म कर देंगे। अब कह रहे हैं कि कूड़े के पहाड़ तो हर शहर में होते हैं। लंदन, टोक्यो, न्यूयार्क, वाशिंगटन, पेरिस में कूड़े के पहाड़ कहां हैं ? भाजपा ने पिछली बार झूठा वादा किया था।
केजरीवाल ने दिल्लीवालों से अपील करते हुए कहा कि योग रोकने, लड़ाई-झगड़ा करने और दिल्ली को रोकने वालों को वोट मत देना, बल्कि योग करवाने, स्कूल बनवाने और दिल्ली को चलाने वालों को वोट देना। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और ‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय भी मौजूद रहे।
केजरीवाल ने पिछले एमसीडी चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए प्रमुख वादों का जिक्र करते हुए कहा कि इन्होंने कहा था कि केजरीवाल नगर निगम को पैसे नहीं देता है। अब हम केजरीवाल से पैसे नहीं मांगेंगे। अब हम केंद्र सरकार से फंड लेकर आएंगे।